युवा नेतृत्व वाले विकास से वैश्विक पटल पर मजबूत हुई भारत की पहचान, तकनीकी और खेल क्षेत्रों में युवा रच रहे इतिहास: पीएम मोदी

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के जरिए देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत की युवा आबादी इस समय राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की नीतियां युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में केंद्रित हैं। विगत 12 वर्षों के कार्यकाल के दौरान देश के युवाओं में अपनी क्षमताओं को लेकर आत्मविश्वास बढ़ा है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब हर क्षेत्र में दिखाई देने लगे हैं।

प्रधानमंत्री के अनुसार, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और अटल इनोवेशन मिशन जैसी योजनाओं ने देश में एक ऐसे इकोसिस्टम का निर्माण किया है जो नवाचार (इनोवेशन) और नए उद्योगों को बढ़ावा देता है। इसी का परिणाम है कि भारत आज वैश्विक स्टार्टअप्स की सूची में अग्रणी स्थान पर है। उन्होंने इस बात पर विशेष प्रसन्नता व्यक्त की कि स्टार्टअप की यह लहर अब देश के सुदूर गांवों और छोटे शहरों तक पहुंच चुकी है, जहां युवा इसका नेतृत्व कर रहे हैं।

भविष्य की तकनीक का उल्लेख करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि विज्ञान, सेमीकंडक्टर, ड्रोन तकनीक, विनिर्माण और अंतरिक्ष जैसे जटिल और आधुनिक क्षेत्रों में भारतीय युवाओं ने अपनी काबिलियत साबित की है। वैश्विक भविष्य को प्रभावित करने वाले इन महत्वपूर्ण क्षेत्रों में युवाओं की बढ़ती भागीदारी देश के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।

खेल जगत में आ रहे सकारात्मक बदलावों को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के युवा खिलाड़ियों ने लगातार तिरंगे का मान बढ़ाया है। खेल के क्षेत्र में तैयार की गई मजबूत व्यवस्था, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और सरकार की ओर से मिलने वाले निरंतर प्रोत्साहन ने युवा खिलाड़ियों को बिना किसी बाधा के आगे बढ़ने और वैश्विक मंचों पर पदक जीतने के लिए प्रेरित किया है।

प्रधानमंत्री ने राजग सरकार के विजन को स्पष्ट करते हुए अपनी पोस्ट में लिखा कि सरकार युवाओं को केवल लाभार्थी नहीं बल्कि देश के विकास का सारथी मानती है। पिछले एक दशक से अधिक समय में किए गए संस्थागत सुधारों और योजनाओं ने युवाओं को अपनी आकांक्षाएं पूरी करने का एक ठोस और सुरक्षित मंच प्रदान किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button