भारत को सेमीकंडक्टर हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम, साणंद में ओएसएटी प्लांट का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के साणंद में केन्स सेमीकॉन की ओएसएटी सुविधा का उद्घाटन करते हुए देश को सेमीकंडक्टर क्षेत्र में मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की। इस प्लांट में अब व्यावसायिक उत्पादन भी शुरू हो चुका है।
करीब 3,300 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित इस सुविधा में सेमीकंडक्टर असेंबली, पैकेजिंग और परीक्षण का कार्य किया जाएगा। यह चिप निर्माण की वैल्यू चेन का एक अहम हिस्सा है और भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
यह परियोजना ‘भारत सेमीकंडक्टर मिशन’ के अंतर्गत विकसित की गई है। प्लांट में इंटेलिजेंट पावर मॉड्यूल का उत्पादन शुरू हो चुका है, जिनका उपयोग इलेक्ट्रिक वाहनों और औद्योगिक प्रणालियों में होता है।
प्रधानमंत्री ने प्लांट में एडवांस्ड पैकेजिंग तकनीक का अवलोकन किया और कर्मचारियों से बातचीत भी की। उन्होंने क्लीनरूम और प्रोडक्शन लाइनों का निरीक्षण किया।
सरकार के अनुसार, यह परियोजना रोजगार सृजन के साथ-साथ हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग में कुशल मानव संसाधन के विकास में सहायक होगी।



