शेयर बाज़ार अपडेट :

शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 1,400 अंक टूटा, निफ्टी भी 450 अंक नीचे
आज यानी 2 अप्रैल को भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। सेंसेक्स करीब 1,400 अंक यानी 2% गिरकर 71,700 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी भी 450 अंक गिरकर 22,250 पर पहुंच गया है।
आज बैंकिंग, मेटल, फार्मा और ऑटो सेक्टर के शेयरों में ज्यादा गिरावट आई है। बाजार गिरने के पीछे तीन बड़े कारण बताए जा रहे हैं।
पहला कारण अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध है, जिससे सप्लाई चेन प्रभावित हुई है। दूसरा कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी है, जो बढ़कर 106 डॉलर प्रति बैरल हो गई है। तीसरा कारण एशियाई बाजारों में गिरावट है, जिसका असर भारत पर भी पड़ा है।
एशियाई बाजारों में साउथ कोरिया का कोस्पी 4% गिरा है, जापान का निक्केई 2% नीचे है। हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग 1% और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.5% गिरकर कारोबार कर रहे हैं।
हालांकि, 1 अप्रैल को अमेरिकी बाजारों में तेजी रही थी। डाउ जोन्स 224 अंक बढ़कर 46,565 पर बंद हुआ था। नैस्डैक 1.16% और S&P 500 इंडेक्स 0.72% की बढ़त के साथ बंद हुए थे।
कच्चे तेल की कीमत भी आज करीब 5% बढ़कर 106 डॉलर प्रति बैरल हो गई है। 28 फरवरी को यह करीब 70 डॉलर प्रति बैरल थी।
इससे पहले 1 अप्रैल को भारतीय बाजार में तेजी थी। सेंसेक्स 1,187 अंक बढ़कर 73,134 और निफ्टी 348 अंक बढ़कर 22,679 पर बंद हुआ था।



