मध्यप्रदेश में ‘शिक्षा का उत्सव’: मुख्यमंत्री ने भोपाल से ‘स्कूल चले हम’ अभियान 2026 का किया शंखनाद

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को भोपाल के मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में राज्य स्तरीय ‘प्रवेशोत्सव-2026’ का विधिवत शुभारंभ किया। प्रदेश में 1 से 4 अप्रैल तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत बच्चों को स्कूलों में प्रवेश दिलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और बच्चों पर पुष्प वर्षा कर उनका आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्कूल शिक्षा विभाग को एक बड़ी उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के शासकीय स्कूलों में ‘ड्रॉप आउट’ (बीच में पढ़ाई छोड़ने वाले) बच्चों की संख्या अब शून्य हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार कदम से कदम मिलाकर चल रही है, जिसका परिणाम है कि वर्ष 2025-26 में कुल नामांकन में 19.6 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई है।
मुख्यमंत्री ने स्वयं बच्चों को नि:शुल्क साइकिलें और पाठ्य पुस्तकें वितरित कीं। विद्यार्थियों ने भी अपनी साइकिलों की घंटियाँ बजाकर मुख्यमंत्री का अनोखे अंदाज में अभिवादन किया। डॉ. यादव ने स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य इस सत्र में 1 करोड़ 45 लाख नामांकन का है।



