मध्यप्रदेश पुलिस का ‘डिजिटल अवतार’: अब कागजों की जगह e-Office से होगा हर काम, DGP ने दिए सख्त निर्देश

मध्यप्रदेश पुलिस विभाग को पूरी तरह पेपरलेस और पारदर्शी बनाने की दिशा में 1 अप्रैल को एक बड़ा कदम उठाया गया। पुलिस मुख्यालय भोपाल में आयोजित एक विशेष ऑनलाइन प्रशिक्षण सत्र में प्रदेश के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को e-Office प्रणाली के अनिवार्य उपयोग के गुर सिखाए गए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिस की कार्यप्रणाली में त्वरित निर्णय क्षमता, जवाबदेही और पारदर्शिता लाना है।
पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री कैलाश मकवाणा ने सत्र को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि e-Office के माध्यम से फाइलों की आवाजाही में गति आएगी। उन्होंने प्रदेश की सभी इकाइयों को इस प्रणाली का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एडीजी (SCRB) श्री जयदीप प्रसाद ने बताया कि पुलिस मुख्यालय स्तर पर यह प्रणाली पूरी तरह लागू हो चुकी है और अब इसे चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश के थानों और कार्यालयों तक पहुँचाया जा रहा है। एनआईसी (NIC) के विशेषज्ञों ने अधिकारियों को डिजिटल नोटशीट, फाइल प्रबंधन और ऑनलाइन अनुमोदन प्रक्रिया का विस्तार से प्रशिक्षण दिया।



