RCB की धमाकेदार जीत, CSK को IPL में लगातार तीसरी हार

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। टीम को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए CSK को 43 रन से हरा दिया। रविवार को खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी RCB ने 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। जवाब में CSK की टीम 207 रन ही बना सकी।
RCB की ओर से टिम डेविड ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 25 गेंदों में 8 छक्कों की मदद से 70 रन बनाए। कप्तान रजत पाटीदार ने 48 रन का योगदान दिया, जबकि फिल सॉल्ट ने 46 रन और विराट कोहली ने 28 रन बनाए। देवदत्त पडिक्कल ने भी 50 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट लेकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया और इसी के साथ उन्होंने IPL में अपने 200 विकेट भी पूरे कर लिए। उनके अलावा अभिनंदन सिंह, जैकब डफी और क्रुणाल पंड्या ने 2-2 विकेट हासिल किए।
CSK की तरफ से प्रशांत वीर ने 43 रन बनाए, जबकि जैमी ओवर्टन ने 37 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। गेंदबाजी में ओवर्टन, अंशुल कंबोज और शिवम दुबे को एक-एक विकेट मिला। CSK इससे पहले राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के खिलाफ भी हार झेल चुकी है।
वहीं, RCB ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की थी और पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को हराया था।



