मध्यप्रदेश पुलिस का नशे के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान; 5 दिनों में 1.22 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त, रतलाम में 16 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा द्वारा 1 अप्रैल से शुरू किए गए विशेष अभियान के तहत मध्यप्रदेश पुलिस ने ड्रग तस्करों के विरुद्ध कमर कस ली है। बीते महज पांच दिनों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में समन्वित कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ 22 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। अभियान का सबसे बड़ा प्रहार रतलाम में हुआ है, जहाँ अवैध ड्रग्स फैक्ट्री चलाने वाले आरोपियों की लगभग 16 करोड़ 16 लाख रुपये की संपत्ति को ‘सफेमा’ (SAFEMA) एक्ट के तहत फ्रीज कर दिया गया है।
अभियान के दौरान नीमच में 62 लाख की ड्रग्स के साथ चार अंतरराज्यीय तस्कर दबोचे गए, वहीं आगर मालवा में 25 लाख से अधिक की एमडी ड्रग्स बरामद की गई। इंदौर, उज्जैन, शिवपुरी और मंदसौर सहित कई जिलों में पुलिस ने स्मैक, गांजा और एमडी ड्रग्स के साथ दर्जनों आरोपियों को जेल भेजा है। डीजीपी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि न केवल तस्करों को पकड़ा जाए, बल्कि उनके आर्थिक साम्राज्य को भी पूरी तरह ध्वस्त किया जाए।



