विश्व स्वास्थ्य दिवस पर बड़ा कदम: मध्यप्रदेश सरकार और एम्स भोपाल के बीच एमओयू, स्वास्थ्य सेवाओं में आएगा क्रांतिकारी सुधार

विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक मील का पत्थर स्थापित हुआ है। भोपाल के मिंटो हॉल में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग तथा एम्स भोपाल के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को वैज्ञानिक आधार पर और अधिक सशक्त बनाना है।
इस एमओयू पर अपर मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल और एम्स भोपाल के कार्यकारी निदेशक प्रो. डॉ. माधवानंद कर ने हस्ताक्षर किए। इस वर्ष की थीम “टुगेदर फॉर हेल्थ: स्टैंड विथ साइंस” के अनुरूप, अब एम्स भोपाल के विशेषज्ञ राज्य में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, सिकल सेल, कैंसर और एनीमिया जैसी गंभीर बीमारियों के नियंत्रण में तकनीकी सहयोग देंगे। इस अवसर पर स्वास्थ्य आयुक्त श्री धनराजू एस और मिशन संचालक (एनएचएम) डॉ. सलोनी सिडाना सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



