भोपाल के सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय पहुँचीं अभिनेत्री कृति सेनन; विद्यार्थियों को दिया जेंडर इक्वैलिटी और आपसी सम्मान का संदेश

यूएनएफपीए (UNFPA) इंडिया की गुडविल एंबेसेडर और प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री सुश्री कृति सेनन ने गुरुवार को भोपाल के शिवाजी नगर स्थित शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद करते हुए उन्हें लैंगिक समानता (जेंडर इक्वैलिटी) और एक-दूसरे के प्रति सम्मान भाव रखने के लिए प्रेरित किया।
कृति सेनन ने स्कूल शिक्षा विभाग और यूएनएफपीए के साझा प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में सामाजिक बदलाव की दिशा में किए जा रहे कार्य प्रशंसनीय हैं। उन्होंने विशेष रूप से ‘उज्ज्वल बदलाव हमसे है’ कार्यक्रम का उल्लेख किया, जिसके माध्यम से छात्रों को छेड़छाड़, पॉक्सो एक्ट और दहेज जैसी कुरीतियों के प्रति स्कूलों में ही जागरूक किया जा रहा है। अभिनेत्री ने विश्वास जताया कि यदि युवा इन शैक्षिक पहलुओं को अपने आचरण में ढाल लें, तो समाज से कई बुराइयों को खत्म किया जा सकता है।



