प्रफुल्ल हिंग का ऐतिहासिक डेब्यू, हैदराबाद ने राजस्थान को दी पहली शिकस्त

राजीव गांधी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 19 के मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को 57 रन से हराकर उनकी जीत की लय तोड़ दी। यह राजस्थान की इस सीजन में पहली हार रही।
हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 216 रन बनाए। कप्तान ईशान किशन ने 91 रन की पारी खेली, जबकि हेनरिक क्लासन ने 40 रन जोड़े। राजस्थान की ओर से जोफ्रा आर्चर ने 2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान की टीम 19 ओवर में 159 रन ही बना सकी। डोनोवन फरेरा और रवींद्र जडेजा के बीच 100 रन की साझेदारी जरूर हुई, लेकिन बाकी बल्लेबाज विफल रहे।
हैदराबाद की जीत के हीरो रहे डेब्यूटेंट गेंदबाज प्रफुल्ल हिंग, जिन्होंने पहले ही ओवर में 3 विकेट लेकर इतिहास रच दिया। उन्होंने कुल 4 विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच बने। साकिब हुसैन ने भी 4 विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया।
पॉइंट्स टेबल की बात करें तो राजस्थान रॉयल्स हार के बावजूद शीर्ष पर बनी हुई है, जबकि इस जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद चौथे स्थान पर पहुंच गई है।



