शेयर बाज़ार अपडेट :

आज भारतीय शेयर बाजार में गिरावट का माहौल रहा। सेंसेक्स 703 अंक यानी 0.91% गिरकर 76,848 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 208 अंक यानी 0.86% कमजोर होकर 23,843 के स्तर पर पहुंच गया। दिनभर के कारोबार में बाजार में चौतरफा बिकवाली का दबाव बना रहा।

सेक्टोरल आधार पर देखा जाए तो मेटल शेयर अपेक्षाकृत स्थिर रहे और इनमें सबसे कम गिरावट देखने को मिली। इसके उलट ऑटो और एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली हुई, जिससे बाजार पर अतिरिक्त दबाव बना।

गिरावट के पीछे प्रमुख कारण वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव रहा। ईरान और अमेरिका के बीच पाकिस्तान में चली 21 घंटे की वार्ता बिना किसी समझौते के समाप्त हो गई। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के अनुसार, कोई डील नहीं हो सकी और वे खाली हाथ लौटे। इस असफल वार्ता का असर दुनिया भर के शेयर बाजारों में दिखाई दे रहा है।

इसके साथ ही, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल ने भी बाजार को प्रभावित किया। अमेरिका द्वारा ईरान के बंदरगाहों की संभावित नाकेबंदी की तैयारी के बीच ब्रेंट क्रूड की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गईं। आज यह 7% से अधिक बढ़कर 102 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

विदेशी निवेशकों की बिकवाली भी बाजार की कमजोरी का एक बड़ा कारण बनी हुई है। अप्रैल महीने में अब तक FIIs 48,213 करोड़ रुपए के शेयर बेच चुके हैं। हालांकि, पिछले शुक्रवार को उन्होंने 672 करोड़ रुपए की शुद्ध खरीदारी की थी, लेकिन इससे बाजार को स्थायी राहत नहीं मिल सकी।

रुपए की स्थिति भी फिलहाल कमजोर बनी हुई है। बाजार विशेषज्ञों का अनुमान है कि डॉलर के मुकाबले रुपया जल्द ही 93.50 से 94 के स्तर तक गिर सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button