शिक्षकों की समस्याओं पर DPI की बड़ी बैठक: TET परीक्षा पर जल्द आएगा आदेश, समयमान वेतनमान को भी मंजूरी

स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) में आयुक्त श्री अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ और अन्य शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों ने शिक्षकों एवं कर्मचारियों की लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया। आयुक्त ने टीईटी (TET) परीक्षा की अनिवार्यता और वेतनवृद्धि जैसे संवेदनशील मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि टीईटी परीक्षा के संबंध में विभाग जल्द ही एक स्पष्ट आदेश जारी करेगा। इसमें यह साफ किया जाएगा कि किन श्रेणियों के शिक्षकों को परीक्षा देना अनिवार्य है और किन्हें नियमानुसार छूट दी जाएगी। इसके साथ ही, पात्र शिक्षकों को समयमान वेतनमान और वेतनवृद्धि का लाभ दिलाने के लिए त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में आयुक्त के साथ श्री के.के. द्विवेदी, सुश्री कामना आचार्य और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे।



