प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति पथ पर, नारी सशक्तिकरण को मिल रही नई दिशा – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास और प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है और वर्ष 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लगातार महिलाओं के हित में निर्णय लेकर उन्हें अधिकार और अवसर प्रदान कर रही है, जिससे उनका सशक्तिकरण सुनिश्चित हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का संकल्प लिया है, जिसे 21वीं सदी का ऐतिहासिक निर्णय बताया जा रहा है। इस कानून के लागू होने से महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण में तेजी आएगी।
डॉ. यादव इंदौर के परस्पर नगर स्थित लता मंगेशकर ऑडिटोरियम में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के निर्णयों का पालन करते हुए मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक से मुक्ति दिलाई, जो उनके सम्मान और अधिकारों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही, अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण भी देश की सांस्कृतिक आस्था का प्रतीक है।
उन्होंने इंदौर को देवी अहिल्याबाई होल्कर की कर्मभूमि और लता मंगेशकर की जन्मस्थली बताते हुए कहा कि यह सभागार महान गायिका की स्मृति में निर्मित है।



