मध्यप्रदेश पुलिस का नशे के विरुद्ध बड़ा प्रहार: प्रदेश भर में 1.37 करोड़ के ड्रग्स और वाहन जप्त, कई तस्कर गिरफ्तार

मध्यप्रदेश पुलिस ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। विभिन्न जिलों में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने 1 करोड़ 37 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ, मर्सिडीज जैसी महंगी कारें और अन्य संपत्तियां जप्त की हैं।
प्रमुख कार्रवाई के केंद्र:
-
विदिशा: “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” के तहत एक संगठित अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया गया। यहाँ 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर 92 ग्राम ब्राउन शुगर और मर्सिडीज, अर्टिगा सहित चार वाहन जप्त किए गए। यह गिरोह ‘डेड ड्रॉप’ तकनीक और डिजिटल भुगतान के जरिए पुलिस को चकमा दे रहा था।
-
जबलपुर और इंदौर: जबलपुर में एक टैंकर ट्रक से 20 किलो गांजा बरामद हुआ। वहीं, इंदौर क्राइम ब्रांच और स्थानीय थानों ने अलग-अलग कार्रवाइयों में भारी मात्रा में एमडी (MD) ड्रग्स और गांजा जप्त कर कई तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा।
-
भोपाल: राजधानी में क्राइम ब्रांच ने 7 लाख की चरस पकड़ी, जबकि शाहजहाँनाबाद पुलिस ने अवैध रूप से नशीली सिरप बेचने वाले एक मेडिकल संचालक को गिरफ्तार किया।
मंदसौर, उज्जैन, खरगोन, राजगढ़, सीधी और टीकमगढ़ में भी पुलिस ने स्मैक, डोडाचूरा और गांजे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की है। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।



