किसान अब केवल उपभोक्ता नहीं ‘ऊर्जा उत्पादक’ बनेंगे: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिए 2 लाख सोलर पंप स्थापना के लक्ष्य

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग की समीक्षा करते हुए किसानों के सशक्तिकरण के लिए एक नई दिशा निर्धारित की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता किसानों को निर्बाध और सस्ती बिजली उपलब्ध कराना है। उन्होंने “अन्नदाता से ऊर्जादाता” की संकल्पना पर जोर देते हुए कहा कि किसानों को हरित ऊर्जा (Green Energy) उत्पादन से जोड़कर ही उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने विभाग को निर्देश दिए कि इस वित्तीय वर्ष के अंत तक 2 लाख से अधिक किसानों को सोलर पंप से जोड़ा जाए। उन्होंने योजनाओं को ‘टाइम फ्रेम’ में लागू करने की बात कही ताकि तय समय सीमा में लक्ष्य पूरे हो सकें। बैठक में बताया गया कि अगले दो वर्षों में 4 लाख पंपों को सौर ऊर्जा से संचालित करने का लक्ष्य है, जिसके लिए विभाग ने पूरी कार्ययोजना तैयार कर ली है। मुख्यमंत्री ने ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना’ की प्रगति में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।



