आचार संहिता के दौरान बड़ी कार्रवाई, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में 865 करोड़ से अधिक की जब्ती

पांच राज्यों में जारी चुनावी प्रक्रिया के बीच भारत निर्वाचन आयोग ने धनबल के अवैध इस्तेमाल पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से प्रवर्तन एजेंसियों ने तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में संयुक्त रूप से 865 करोड़ रुपए से अधिक की अवैध सामग्री और नकद जब्त किया है।
जब्ती का राज्यवार ब्यौरा: आंकड़ों के अनुसार, 26 फरवरी 2026 से अब तक पश्चिम बंगाल में 427 करोड़ रुपए और तमिलनाडु में 438 करोड़ रुपए मूल्य की सामग्री पकड़ी गई है। एजेंसियों की मुस्तैदी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस बार की जब्ती पिछले चुनावों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ रही है।
क्या-क्या हुआ बरामद? दोनों राज्यों से कुल मिलाकर जो सामग्री जब्त की गई है, उसमें 99 करोड़ रुपए की नकदी शामिल है। इसके अलावा 32.91 लाख लीटर से अधिक शराब, 174 करोड़ रुपए के नशीले पदार्थ, 159 करोड़ रुपए की कीमती धातुएं (सोना-चांदी) और मतदाताओं को लुभाने के लिए रखे गए 350 करोड़ रुपए के मुफ्त उपहार (फ्रीबीज) शामिल हैं।



