पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान के बीच अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने किया चुनाव प्रक्रिया का निरीक्षण

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के तहत गुरुवार को 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान जारी है। इसी दौरान अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने दार्जिलिंग जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर चुनावी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निर्वाचन प्रक्रिया का अवलोकन करने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के साथ सिलीगुड़ी और माटीगाड़ा क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। आयोग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, प्रतिनिधियों ने मतदान केंद्रों पर सुव्यवस्थित प्रबंधन और उत्सव जैसा वातावरण होने की सराहना की।
प्रतिनिधिमंडल ने मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था, दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर, पेयजल, छाया और बैठने की सुविधाओं के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों के लिए किए गए विशेष इंतजामों की भी प्रशंसा की। आयोग ने स्पष्ट किया कि ये सभी व्यवस्थाएं न्यूनतम अनिवार्य सुविधाओं के तहत सुनिश्चित की गई हैं।
निर्वाचन आयोग के अंतरराष्ट्रीय चुनाव आगंतुक कार्यक्रम 2026 के अंतर्गत 13 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पश्चिम बंगाल पहुंचा है। इस दल में नामीबिया, जॉर्जिया, नेपाल, फिलीपींस, स्विट्जरलैंड और केन्या सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हैं। आयोग के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य भारत की चुनावी प्रणाली को प्रदर्शित करना और वैश्विक स्तर पर चुनाव प्रबंधन संस्थाओं के साथ सहयोग को मजबूत करना है।
वहीं, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी अपने गृह क्षेत्र नंदीग्राम में विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने मीडिया से कहा कि पिछली बार की तुलना में इस बार अब तक मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पहले के चुनावों में मतदान से पहले मतदाताओं को डराने-धमकाने की घटनाएं सामने आती थीं, लेकिन इस बार कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण ऐसी घटनाओं पर नियंत्रण रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पूरे दिन मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्वक जारी रहेगी।
शुभेंदु अधिकारी इस बार नंदीग्राम के साथ-साथ भवानीपुर सीट से भी चुनाव मैदान में हैं, जहां उनका मुकाबला मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से है। भवानीपुर सीट पर 29 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान होगा, जबकि नंदीग्राम में गुरुवार को वोट डाले जा रहे हैं।
इस बीच भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने सुबह मतदान करने के बाद विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। अब तक अधिकांश स्थानों पर मतदान शांतिपूर्ण बताया गया है और सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क हैं। शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में और अग्निमित्रा पॉल ने आसनसोल में मतदान के बाद शांतिपूर्ण चुनाव की उम्मीद जताई।



