शेयर बाज़ार अपडेट :

भूराजनीतिक तनाव से शेयर बाजार दबाव में, सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में गिरावट
भारतीय शेयर बाजार में 23 अप्रैल को कमजोरी देखने को मिली। सेंसेक्स 852 अंक (1.09%) गिरकर 77,664 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 205 अंक (0.84%) फिसलकर 24,173 पर आ गया। दिनभर के कारोबार में फार्मा और मीडिया शेयरों में खरीदारी रही, जबकि ऑटो सेक्टर में सबसे ज्यादा बिकवाली दर्ज की गई।
वैश्विक घटनाक्रमों का असर बाजार की चाल पर पड़ा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सीजफायर की 22 अप्रैल की तय समयसीमा को आगे बढ़ाया है, लेकिन दोनों देशों के बीच तनाव अभी भी बना हुआ है। अमेरिकी नौसेना ने ईरानी बंदरगाहों की घेराबंदी जारी रखी है, जबकि ईरान ने ‘स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज’ में दो जहाजों को कब्जे में लिया है।
इससे पहले दोनों देशों के बीच बातचीत का एक दौर बिना किसी समझौते के समाप्त हुआ था। इसके बाद पाकिस्तान में अगले दौर की वार्ता की उम्मीद जताई गई थी, लेकिन अब निवेशकों को ऐसी किसी पहल की संभावना कम नजर आ रही है। इसी बीच उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की इस्लामाबाद यात्रा भी टल गई है।
एशियाई बाजारों में मिश्रित रुख रहा। कोस्पी इंडेक्स 58 अंक (0.90%) की बढ़त के साथ 6476 पर पहुंचा, जबकि जापान का निक्केई 446 अंक (0.75%) गिरकर 59140 पर बंद हुआ। वहीं हैंगसेंग इंडेक्स 248 अंक (0.95%) की गिरावट के साथ 25915 पर रहा।
हालांकि, 22 अप्रैल को अमेरिकी बाजारों में सकारात्मक रुख देखा गया था। डाउ जोन्स 341 अंक (0.69%) की बढ़त के साथ 49490 पर बंद हुआ। नैस्डैक 398 अंक (1.64%) चढ़कर 24658 पर और S&P 500 इंडेक्स 74 अंक (1.05%) बढ़कर 7138 पर पहुंचा।
निवेशकों की गतिविधियों पर नजर डालें तो 22 अप्रैल को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII/FPI) ने 2,078.36 करोड़ रुपए के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने भी 1,048.17 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। इस महीने अब तक विदेशी निवेशकों की कुल बिकवाली 44,281.38 करोड़ रुपए तक पहुंच गई है, जबकि DII ने 33,836.61 करोड़ रुपए की शुद्ध खरीदारी की है।
ऊर्जा बाजार में भी हलचल बनी हुई है। ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतें फिर से 100 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गई हैं। तेल की मजबूत मांग और ‘स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज’ को लेकर बढ़ती अनिश्चितता ने कीमतों को ऊपर धकेला है, जो वैश्विक आपूर्ति के लिए एक महत्वपूर्ण मार्ग है।
उल्लेखनीय है कि 22 अप्रैल को भी बाजार में गिरावट रही थी। उस दिन सेंसेक्स 757 अंक (0.95%) टूटकर 78,516 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 199 अंक (0.81%) गिरकर 24,378 पर आ गया था।



