मध्य प्रदेश में अवैध शराब के विरुद्ध पुलिस का बड़ा अभियान; एक महीने में 1.66 करोड़ की संपत्ति जब्त

मध्य प्रदेश पुलिस ने अप्रैल माह में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और संग्रहण के खिलाफ राज्यव्यापी कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान और छापेमारी के दौरान पुलिस ने 1 करोड़ 66 लाख रुपये से अधिक मूल्य की अवैध शराब, तस्करी में प्रयुक्त वाहन और अन्य उपकरण जब्त किए हैं। यह कार्यवाही राज्य पुलिस की नशामुक्त प्रदेश और अपराध के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत की गई है।
क्षेत्रीय स्तर पर उज्जैन पुलिस ने नानाखेड़ा थाना क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण कार्यवाहियों को अंजाम दिया। यहाँ पुलिस ने 50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की, जिसमें 44 पेटी शराब और फर्जी नंबर प्लेट लगे दो विलासितापूर्ण वाहन शामिल हैं। इस मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को हिरासत में लिया है। इसी प्रकार, शिवपुरी जिले में पुलिस ने व्यापक अभियान चलाकर करैरा, नरवर, कोलारस और मायापुर क्षेत्रों से कुल 32 लाख 26 हजार रुपये मूल्य की अवैध शराब और वाहन जब्त किए हैं।
बुंदेलखंड और मालवा अंचल में भी पुलिस की दबिश जारी रही। छतरपुर पुलिस ने बक्स्वाहा और भगवा थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर लगभग 12 लाख 15 हजार रुपये की अवैध शराब और कारें जब्त कीं। रतलाम में कालूखेड़ा और सैलाना पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही में क्रेटा और स्विफ्ट जैसी कारों से तस्करी की जा रही शराब पकड़ी, जिसकी कुल कीमत 10 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। वहीं, नर्मदापुरम और इटारसी में पुलिस ने 9.10 लाख रुपये की सामग्री जब्त कर तस्करों के मंसूबों को नाकाम कर दिया।
प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी सख्त कार्यवाही देखने को मिली। खरगोन पुलिस ने भगवानपुरा, बलकवाड़ा और महेश्वर क्षेत्रों में दबिश देकर पानी की टंकियों और ढाबों से शराब बरामद की, जिसकी कीमत लगभग 9.13 लाख रुपये है। डिण्डौरी, मंदसौर, बालाघाट और मुरैना में भी पुलिस ने लाखों रुपये की अंग्रेजी शराब और परिवहन में प्रयुक्त पिकअप व अन्य लोडिंग वाहन जब्त किए हैं। सिवनी में पुलिस ने 121 पेटी बीयर सहित भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब पकड़ी, जिसकी कुल कीमत लगभग 5.50 लाख रुपये है।
राजधानी भोपाल सहित अन्य जिलों में भी पुलिस सक्रिय रही। भोपाल क्राइम ब्रांच ने अभियान के तहत 10 पेटी मदिरा और वाहन जब्त किया। कटनी में ‘ऑपरेशन शिकंजा’ के तहत कार्यवाही की गई, जबकि दमोह, दतिया और राजगढ़ में भी अवैध शराब के साथ हथियार बरामद किए गए। मध्य प्रदेश पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत डायल-112 या नजदीकी थाने को दें, ताकि राज्य को अपराध मुक्त बनाया जा सके।



