इंदौर मेट्रो रेल परियोजना के लिए बड़ी उपलब्धि: मांगलिया सब-स्टेशन में नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित

इंदौर मेट्रो के संचालन की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने इंदौर के मांगलिया स्थित 220 केवी सब-स्टेशन में 200 एमवीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत कर दिया है। ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सोमवार को इस उपलब्धि की जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस तकनीकी विस्तार से इंदौर मेट्रो रेल परियोजना को भविष्य में निर्बाध और उच्च गुणवत्ता वाली बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।
ऊर्जा मंत्री ने इस कार्य को तकनीकी कौशल का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि इंदौर जैसे घनी आबादी वाले महानगर में विद्युत अधोसंरचना को मजबूत करना एक बड़ी चुनौती थी। विशेष रूप से खजराना जैसे सघन क्षेत्र में अतिरिक्त ट्रांसमिशन इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करना इंजीनियरिंग के नजरिए से काफी जटिल कार्य था। चुनौतियों के बावजूद इस परियोजना को समय पर पूरा करना शहर के विकास और मेट्रो की जरूरतों के लिए एक मील का पत्थर है।
परियोजना की सफलता में तकनीकी विशेषज्ञों की भूमिका को रेखांकित करते हुए मंत्री ने बताया कि जबलपुर स्थित एमपी ट्रांसको की प्लानिंग एवं डिजाइन विंग के इंजीनियरों ने अपनी विशेषज्ञता का परिचय दिया। सीमित स्थान और तकनीकी जटिलताओं के बीच विशेषज्ञों ने मांगलिया सब-स्टेशन में नए ट्रांसफार्मर और दो फीडरों के लिए सटीक स्थान का चयन किया। इसी रणनीतिक चयन के कारण इंदौर शहर से खजराना मेट्रो स्टेशन तक बिजली पहुंचाना संभव हो पाया है।
विस्तृत जानकारी देते हुए एमपी ट्रांसको इंदौर के अधीक्षण अभियंता श्री अनिल लाठी ने स्पष्ट किया कि इंदौर मेट्रो ने डिपॉजिट स्कीम के तहत खजराना स्थित मेट्रो रेल सब-स्टेशन के लिए बिजली की मांग की थी। इसके लिए मेट्रो प्रबंधन द्वारा निर्धारित 26.26 करोड़ रुपये की राशि जमा की गई थी। इसके उपरांत एमपी ट्रांसको के सीधे पर्यवेक्षण में यह पूरा कार्य संपन्न कराया गया।
इस नए इंफ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से खजराना मेट्रो रेल सब-स्टेशन को अब 132 केवी के दो समर्पित (डेडिकेटेड) सर्किटों के जरिए जोड़ा गया है। इससे मेट्रो रेल के सुचारू संचालन के लिए पर्याप्त और विश्वसनीय बिजली मिलेगी। ऊर्जा मंत्री ने इस चुनौतीपूर्ण कार्य को सफलतापूर्वक अंजाम देने के लिए पूरी टीम के समर्पण और पेशेवर उत्कृष्टता की सराहना की है।



