टीएमसी के गढ़ पानीहाटी में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, रत्ना देबनाथ ने 28,836 मतों से दर्ज की सफलता

पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों में भाजपा ने जहां बहुमत हासिल कर सरकार बनाने की तैयारी शुरू कर दी है, वहीं टीएमसी को अपने गढ़ पानीहाटी में करारी हार का सामना करना पड़ा है। भाजपा उम्मीदवार रत्ना देबनाथ ने टीएमसी के तीर्थांकर घोष को 28,836 वोटों के अंतर से हराकर विधानसभा में अपनी जगह पक्की कर ली है। वहीं, टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी को भी भवानीपुर सीट से हार का सामना करना पड़ा, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है।
दमदम लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा रही पानीहाटी सीट पारंपरिक रूप से टीएमसी का मजबूत केंद्र रही है, लेकिन इस बार जनता ने बदलाव का पक्ष चुना। रत्ना देबनाथ का राजनीति में प्रवेश एक व्यक्तिगत त्रासदी और न्याय के संकल्प का परिणाम था। आरजी कर मेडिकल कॉलेज की घटना के बाद, उन्होंने अपनी बेटी और अन्य बेटियों की सुरक्षा के लिए सिस्टम को बदलने का निर्णय लिया। भाजपा द्वारा उन्हें प्रत्याशी बनाए जाने के बाद से ही क्षेत्र में उनके पक्ष में लहर देखी जा रही थी।
यह चुनाव परिणामों में महिला मतदाताओं की भूमिका सबसे प्रमुख रही। प्रचार के समय महिलाओं ने रत्ना देबनाथ को एक राजनेता के बजाय एक मां के रूप में देखा और उनके प्रति गहरी सहानुभूति व्यक्त की। ‘अभया’ के लिए न्याय मांगने की यह लहर इतनी प्रभावी थी कि विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़ी महिलाएं भी रत्ना के समर्थन में एकजुट हो गईं। इस भावनात्मक जुड़ाव ने टीएमसी के संगठनात्मक ढांचे को ध्वस्त करने में बड़ी भूमिका निभाई।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, पीएम मोदी का वह बयान भी काफी प्रभावी रहा जिसमें उन्होंने आरजी कर कांड के दोषियों को सजा दिलाने और पुरानी फाइलों की जांच कराने का वादा किया था। इस चुनावी जीत ने यह संदेश दिया है कि सुरक्षा और न्याय जनता के लिए सर्वोपरि मुद्दे हैं। पानीहाटी की जनता ने एक मां के संघर्ष पर अपनी मुहर लगाकर रत्ना देबनाथ को व्यवस्था में सुधार करने का बड़ा अवसर दिया है।



