पश्चिम बंगाल: मध्यमग्राम में सुवेंदु अधिकारी के पीए की सरेआम हत्या

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में बुधवार रात भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात उस समय हुई जब 42 वर्षीय चंद्रनाथ कोलकाता से अपने घर लौट रहे थे। घटना के दौरान उनके ड्राइवर बुद्धदेब बेरा भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका उपचार अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस जांच के अनुसार, चंद्रनाथ अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार थे और ड्राइविंग सीट के बगल वाली सीट पर बैठे थे। रात करीब 10:30 बजे जब उनकी गाड़ी डोलतला और मध्यमग्राम के बीच पहुंची, तभी पीछे से आ रही एक कार ने उनकी गाड़ी का रास्ता रोक दिया। इसी बीच एक मोटरसाइकिल सवार हमलावर वहां पहुंचा और स्कॉर्पियो की बाईं ओर से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमलावर ने करीब 6 से 10 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे गाड़ी में सवार लोग संभल भी नहीं पाए।
चिकित्सीय रिपोर्ट के मुताबिक, चंद्रनाथ को कुल चार गोलियां लगीं, जिनमें से दो उनके सीने के आर-पार हो गईं और एक उनके पेट में लगी। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उन्हें अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, गोली लगने से घायल ड्राइवर की स्थिति फिलहाल नाजुक बनी हुई है। भाजपा ने इस हिंसक घटना के लिए सीधे तौर पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) को जिम्मेदार ठहराया है।
मामले की जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम का मानना है कि इस हत्याकांड को किसी पेशेवर अपराधी ने अंजाम दिया है। शुरुआती जांच में घटनास्थल से ‘ग्लॉक 47X’ पिस्टल के इस्तेमाल के संकेत मिले हैं, जो आमतौर पर पेशेवर शूटरों के पास ही देखी जाती है। हमलावर ने अपनी पहचान छिपाने के लिए हेलमेट पहन रखा था और उसकी बाइक पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी। पुलिस ने मौके से हमलावरों द्वारा छोड़ी गई कार को जब्त कर लिया है, जिस पर लगी नंबर प्लेट भी फर्जी पाई गई है।



