मध्य प्रदेश पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक हफ्ते में 83 लाख के मादक पदार्थ जब्त, कई तस्कर गिरफ्तार
मध्य प्रदेश में अवैध नशीले पदार्थों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीते एक सप्ताह में बड़ी सफलता मिली है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में की गई छापामार कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने 83 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहन जब्त किए हैं। इस दौरान कई आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जो तस्करी, भंडारण और बिक्री के अवैध कारोबार में लिप्त थे।
मंसौर जिले में पुलिस ने तस्करी का एक अनोखा तरीका नाकाम किया है। कोतवाली पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से 500 ग्राम एमडी ड्रग्स और 500 ग्राम अफीम बरामद की। शातिर आरोपी ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए इन नशीले पदार्थों को पानी की मोटर (इलेक्ट्रिक मोटर) के भीतर छिपाकर रखा था। इस कार्रवाई में लगभग 51.72 लाख रुपये की संपत्ति जब्त हुई। वहीं, भावगढ़ थाना पुलिस ने एक अन्य मामले में एक किशोर को अभिरक्षा में लेकर उसके पास से नशा बनाने में प्रयुक्त होने वाला 27 किलोग्राम एसिटिक एनहाईड्राइड और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
नीमच जिले के मनासा थाना क्षेत्र में भी पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली की तलाशी ली, जिसमें 30 प्लास्टिक के कट्टों में भरा 6 क्विंटल 1 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित लगभग 22 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। इसी तरह देवास की खातेगांव पुलिस ने भी ब्राउन शुगर के तस्करों पर शिकंजा कसते हुए 23 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है।
राजधानी भोपाल में क्राइम ब्रांच ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के पास एक विशेष अभियान चलाकर एक गांजा तस्कर को दबोचा। आरोपी के पास से 9.570 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है, जिसकी कीमत करीब 2.05 लाख रुपये आंकी गई है। शिवपुरी जिले में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 2 लाख रुपये मूल्य की 17.60 ग्राम स्मैक जब्त की गई।
टीकमगढ़ जिले के पलेरा थाना क्षेत्र के ग्राम गड़ारी में पुलिस ने दबिश देकर अवैध रूप से उगाए जा रहे गांजे के 89 पौधे बरामद किए, जिनका वजन 63.67 किलोग्राम पाया गया। पुलिस मुख्यालय के अनुसार, नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध यह कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने में दें।



