प्रधानमंत्री मोदी से मिले रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव, यूक्रेन संकट और पश्चिम एशिया के हालातों पर कूटनीतिक बातचीत

भारत और रूस के बीच रणनीतिक संबंधों को गति देते हुए रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान दोनों दिग्गजों के बीच द्विपक्षीय साझेदारी की समीक्षा करने के साथ ही दुनिया के मौजूदा संकटों और आपसी हित के वैश्विक मुद्दों पर व्यापक विमर्श हुआ।
बैठक में विदेश मंत्री लावरोव ने दिसंबर 2025 में आयोजित हुए 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के बाद दोनों देशों के मध्य व्यापारिक, तकनीकी और राजनीतिक मोर्चों पर हुई प्रगति का ब्योरा प्रधानमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया। दोनों पक्षों ने आपसी रणनीतिक संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की गति को और तेज करने पर सहमति व्यक्त की।
राजनयिक वार्ता के इस सत्र में दुनिया के दो सबसे अशांत क्षेत्रों— यूक्रेन और पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर विशेष रूप से बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने इन वैश्विक संकटों के चलते पैदा हुई अस्थिरता और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के समीकरणों पर विस्तार से चर्चा की और आपसी समझ को साझा किया।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शांति और सुरक्षा के प्रति भारत की तटस्थता और प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह के युद्ध या मतभेद को समाप्त करने के लिए केवल कूटनीति और आपसी संवाद ही एकमात्र व्यावहारिक मार्ग हैं। शांतिपूर्ण वार्ताओं के माध्यम से ही वैश्विक स्थिरता को दोबारा बहाल किया जा सकता है।
मुलाकात के अंत में सौहार्दपूर्ण वातावरण के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूसी विदेश मंत्री से अनुरोध किया कि वे राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन तक उनकी आत्मीय और शुभकामनाएं पहुंचाएं।



