अमरकंटक थर्मल पॉवर स्टेशन चचाई का ऐतिहासिक कीर्तिमान, 210 मेगावॉट की यूनिट ने लगातार 600 दिनों तक किया निर्बाध बिजली उत्पादन

मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड ने विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में एक अभूतपूर्व सफलता हासिल की है। अमरकंटक थर्मल पॉवर स्टेशन चचाई की 210 मेगावॉट क्षमता वाली इकाई ने आज लगातार 600 दिनों तक बिना किसी रुकावट के बिजली बनाने का एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। कंपनी के पूरे इतिहास में अब तक किसी भी इकाई ने इतने लंबे समय तक निरंतर काम करने का गौरव हासिल नहीं किया था। इस ऐतिहासिक सफर की शुरुआत 1 अक्टूबर 2024 को हुई थी, जो आज भी सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है।

इस बड़ी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने संयंत्र के प्रबंधन और पूरी तकनीकी टीम को बधाई दी है। ऊर्जा मंत्री ने उम्मीद जताई कि यह पॉवर स्टेशन आने वाले समय में भी इसी कार्यकुशलता को बनाए रखेगा और प्रदेश की उन्नति में सफलता के नए आयाम स्थापित करेगा।

संयंत्र ने संचालन के दौरान तकनीकी और कार्यकुशलता के स्तर पर कई शानदार मानक स्थापित किए हैं। इस पूरी अवधि में यूनिट का प्लांट उपलब्धता कारक (Plant Availability Factor) 98.81 प्रतिशत दर्ज किया गया। इसके साथ ही, बेहतरीन बिजली उत्पादन को दर्शाने वाला प्लांट लोड फैक्टर (PLF) भी 95.6 प्रतिशत के उच्च स्तर पर रहा, जबकि सहायक बिजली की खपत केवल 9.28 प्रतिशत दर्ज की गई, जिससे ऊर्जा की बचत और कार्यकुशलता का पता चलता है।

बिजली क्षेत्र के विशेषज्ञों का मानना है कि किसी थर्मल प्लांट को बिना किसी तकनीकी गड़बड़ी, ग्रिड ट्रिपिंग या अप्रत्याशित बंदी के इतने लंबे समय तक चलाना एक बेहद जटिल तकनीकी कार्य है। मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक श्री मनजीत सिंह ने इस कामयाबी की सराहना करते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक परिणाम बेहतर योजना, मजबूत निवारक रखरखाव (प्रिवेंटिव मेंटेनेंस), निरंतर डिजिटल निगरानी और चचाई प्लांट की ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस टीम की कड़ी मेहनत और कुशल नेतृत्व की वजह से ही संभव हो सका है।

इस शानदार प्रदर्शन का सीधा फायदा मध्यप्रदेश के आम बिजली उपभोक्ताओं को मिल रहा है। इस इकाई के लगातार चलते रहने से राज्य में बिना किसी बाधा के सस्ती और निरंतर बिजली की सप्लाई सुनिश्चित करने में बड़ी मदद मिली है। इसके साथ ही, अमरकंटक पॉवर स्टेशन का नाम देश के शीर्ष बिजली घरों में शामिल हो गया है और यह रिकॉर्ड प्रदर्शन कंपनी के अन्य संयंत्रों के लिए भी एक मिसाल बनेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button