एनडीए की बैठक में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पीएम मोदी को परोसी झालमुड़ी, केंद्र सरकार के ऐतिहासिक 12 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्रियों की बैठक

नई दिल्ली में बुधवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक केंद्र में मोदी सरकार के लगातार 12 वर्ष पूरे होने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे समय तक पद पर रहने का नया कीर्तिमान बनाने के उपलक्ष्य में बुलाई गई थी। इस बैठक के दौरान एक बेहद दिलचस्प वाकया सामने आया, जब पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री मोदी को बंगाल का प्रसिद्ध स्नैक ‘झालमुड़ी’ पेश किया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर इस घटनाक्रम का वीडियो खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साझा किया है। इस वीडियो में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी प्रधानमंत्री को झालमुड़ी परोसते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि पास ही भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत गठबंधन के कई अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद हैं। वीडियो को पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री ने लिखा कि उन्होंने एनडीए की बैठक के दौरान गठबंधन के अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर झालमुड़ी का आनंद लिया।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव के दौरान झालमुड़ी राजनीति के केंद्र में आ गई थी। चुनावी अभियान के तहत 19 अप्रैल को जब प्रधानमंत्री झारग्राम में एक जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे, तब वे अचानक रास्ते में विक्रम शॉ नामक दुकानदार की झालमुड़ी दुकान पर रुक गए थे। वहां उन्होंने दुकानदार से झालमुड़ी खिलाने का अनुरोध किया था। जब दुकानदार ने उनसे पूछा कि क्या वे प्याज लेते हैं, तो पीएम मोदी ने हल्के-फुल्के अंदाज में जवाब दिया था कि वे प्याज तो खाते हैं, लेकिन किसी का दिमाग नहीं खाते। इसके बाद उन्होंने दुकानदार को भुगतान के रूप में दस रुपये भी दिए थे।
इस वाकये के बाद सोशल मीडिया पर झालमुड़ी को लेकर काफी चर्चाएं हुईं और बंगाल चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी व तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के बीच इस पर जमकर जुबानी तीर चले। चुनाव के परिणाम आने के बाद, शानदार जीत से उत्साहित भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने एक-दूसरे व आम जनता को झालमुड़ी खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया था।
इससे पहले, बुधवार को ही केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में एक विशेष प्रस्ताव पारित कर प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व की सराहना की गई। केंद्रीय मंत्रियों ने देश के प्रति उनकी इस ऐतिहासिक सेवा के लिए खड़े होकर और तालियां बजाकर प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को देश के शासनाध्यक्ष के रूप में अपने सफल 12 साल पूरे कर लिए हैं। लोकतांत्रिक रूप से चुने गए प्रधानमंत्री के तौर पर अब उनका कार्यकाल 4,399 दिनों का हो चुका है, जिसके साथ ही उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के सबसे लंबे समय तक पद पर रहने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।



