एकता नगर के रेन फॉरेस्ट और स्काईवॉक का प्रधानमंत्री ने किया उल्लेख, क्षेत्र को मिलीं 426 करोड़ की सौगातें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को गुजरात के नर्मदा जिला स्थित एकता नगर में विकसित रेन फॉरेस्ट तथा वहां के स्काईवॉक को रेखांकित करते हुए लोगों से इस दर्शनीय स्थल पर पहुंचने का आह्वान किया। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी बयान में उन्होंने कहा कि एकता नगर का यह नया वन क्षेत्र पर्यटकों के लिए एक बेहतरीन गंतव्य है। प्राकृतिक वातावरण और सघन हरियाली के बीच लोग यहां सुकून का अहसास कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि यहां निर्मित स्काईवॉक विशेष आकर्षण का केंद्र है, जहां से आगंतुक ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ की भव्यता को निहार सकते हैं।
यह घोषणा सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर एकता नगर में आयोजित समारोहों के दौरान सामने आई। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानमंत्री ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी स्थल पर जाकर लौह पुरुष सरदार पटेल को नमन किया। इसके उपरांत उन्होंने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और पर्यटन को गति देने के लिए 426.71 करोड़ रुपये मूल्य की कुल 31 विकास योजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
नर्मदा तट पर 12 एकड़ भूमि में फैला यह रेन फॉरेस्ट पर्यटकों के लिए तैयार किए गए आधुनिक आकर्षणों में शामिल है। इस पूरे परिसर में सालों भर वर्षावन जैसा वातावरण बनाए रखने के लिए कृत्रिम तकनीकों का प्रयोग किया गया है। इसके लिए स्थल पर 20 रेन गन टावर, प्रपात, बबल फव्वारे और विविध प्रजातियों के पेड़-पौधे लगाए गए हैं, जो भारत के अलग-अलग भौगोलिक क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हैं।
इस वन क्षेत्र की बनावट में 35 एमएम मोटाई वाले 132 ग्लास पैनलों से निर्मित वृत्ताकार स्काईवॉक प्रमुख है। पर्यटक इस कांच के पुल पर चहलकदमी करते हुए अपने पैरों के नीचे फैले पूरे जंगल का विहंगम दृश्य देख सकते हैं। यह परिसर आगंतुकों को प्राकृतिक विविधता और पर्यावरण तंत्र को करीब से समझने का अवसर भी देता है। आधिकारिक विवरण के मुताबिक, इस रेन फॉरेस्ट के निर्माण पर 14.30 करोड़ रुपये की लागत आई है।
क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान प्रधानमंत्री ने एकता नगर के पर्यटन परिदृश्य में जोड़ी गई ‘वामन वृक्ष वाटिका’ का भी मुआयना किया। शासन का प्रयास है कि स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचने वाले यात्रियों को परिसर के आसपास नए पर्यटन विकल्पों की सुविधा मिले। लोकार्पित कार्यों में 307.83 करोड़ रुपये की 23 योजनाएं शामिल हैं, जिनमें 50 करोड़ रुपये का आईआरसीटीसी होटल, 16 करोड़ रुपये की लागत वाला एकता क्रूज और 3.67 करोड़ रुपये का इको ट्रेल मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा 118.88 करोड़ रुपये की जिन आठ नई परियोजनाओं की नींव रखी गई, उनमें गोरा-भनद्रा सड़क मार्ग, स्मार्ट जीरो-वेस्ट कचरा प्रबंधन प्रणाली, खलवानी इको-पर्यटन और संयुक्त कैक्टस एवं तितली उद्यान शामिल हैं।
तय कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे राष्ट्रीय एकता दिवस के औपचारिक उत्सव में शामिल होंगे। इस अवसर पर आयोजित होने वाली भव्य परेड में केंद्रीय सशस्त्र बलों के साथ-साथ राज्यों और केंद्रीय पुलिस संगठनों के दस्ते मार्च करेंगे। कार्यक्रम में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा द्वारा ‘नक्सल मुक्त भारत’ कथानक पर एक विशेष नाट्य प्रस्तुति दी जाएगी, जिसमें देश के 126 नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के 2,000 कलाकार मंच साझा करेंगे। वहीं, ‘वंदे मातरम’ की विषयवस्तु पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रदर्शनियों में देश भर से आए लगभग 5,000 कलाकार अपनी भागीदारी दर्ज कराएंगे।



