अंतर्राष्ट्रीय व्यापार विकास प्रशिक्षण में शामिल हुईं एमएसएमई विभाग की ओजस्वी टेंभरे, वैश्विक मंच पर प्रस्तुत की मध्यप्रदेश के उत्पादों की झलक

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग की सहायक संचालक श्रीमती ओजस्वी टेंभरे ने सिंगापुर में आयोजित पांच दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम “ट्रेड बिजनेस डेवलपमेंट” में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश और राज्य का गौरव बढ़ाया है। सिंगापुर के विदेश मंत्रालय द्वारा संचालित इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के लिए पूरे भारत से महज एक अधिकारी का चयन हुआ था, जिसके चलते श्रीमती टेंभरे को देश की ओर से इस आयोजन में शामिल होने का मौका मिला। सिविल सर्विस कॉलेज, सिंगापुर में इस विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन 8 जून से 12 जून 2026 तक किया गया था।

इस पांच दिवसीय वैश्विक आयोजन में विश्व के लगभग 25 देशों के वरिष्ठ अधिकारियों, विशेषज्ञों और राजनयिकों ने सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापार एवं व्यवसाय विकास, निवेश संवर्धन, उद्यमिता प्रोत्साहन, नवाचार, आर्थिक विकास और आपसी सहयोग को मजबूत करने के साथ-साथ संस्थागत क्षमताओं को बढ़ाने की सर्वोत्तम पद्धतियों पर केंद्रित थी। विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने इस मंच का उपयोग आर्थिक और व्यापारिक नीतियों के आदान-प्रदान के लिए किया।

विशेष प्रशिक्षण के दौरान श्रीमती टेंभरे ने मध्यप्रदेश शासन की औद्योगिक प्राथमिकताओं और ‘वोकल फॉर लोकल’ की नीति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रेखांकित किया। उन्होंने सिंगापुर के विदेश मंत्रालय के आला अधिकारियों को मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ODOP) कार्यक्रम के तहत आने वाले प्रसिद्ध ‘शिवपुरी जैकेट’ को स्मृति-चिह्न के तौर पर भेंट किया। इस दौरान उन्होंने शिवपुरी जैकेट के निर्माण की बारीकियों, वहां के स्थानीय बुनकरों व कारीगरों के हुनर तथा प्रादेशिक उत्पादों के संरक्षण के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में विस्तार से चर्चा की।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सिंगापुर की आर्थिक उन्नति के प्रमुख स्तंभों जैसे कि उनके व्यापारिक व निवेश प्रोत्साहन मॉडल, स्टार्टअप और एंटरप्रेन्योरशिप पारितंत्र, कौशल विकास कार्यक्रमों और सार्वजनिक सेवा वितरण प्रणाली की कार्यप्रणाली का गहन अध्ययन कराया गया। अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों ने व्याख्यानों, समूह चर्चाओं और संवादात्मक सत्रों के जरिए नीतिगत और व्यावहारिक अनुभवों को साझा किया। कार्यक्रम के हिस्से के रूप में विभिन्न औद्योगिक और नवाचार केंद्रों का दौरा भी कराया गया ताकि प्रतिभागी वहां की प्रणालियों को प्रत्यक्ष रूप से समझ सकें।

इस मंच पर श्रीमती ओजस्वी टेंभरे ने वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं का अध्ययन करने के साथ-साथ मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास की संभावनाओं को भी पुरजोर तरीके से रखा। उन्होंने राज्य में उपलब्ध संसाधनों, उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस (EoDB) के क्षेत्र में प्रदेश सरकार द्वारा की गई महत्वपूर्ण पहलों की जानकारी साझा की। इसके साथ ही, उन्होंने राज्य के भीतर उद्यमिता विकास, स्टार्टअप संवर्धन और एमएसएमई क्षेत्र में चलाई जा रही योजनाओं और अब तक प्राप्त हुई महत्वपूर्ण उपलब्धियों से दुनिया भर से आए प्रतिनिधियों को परिचित कराया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button