मध्य प्रदेश: इंदौर जीआरपी ने अंतर्राज्यीय ट्रेन चोर को दबोचा, 15 लाख रुपये के जेवरात और सामान बरामद

मध्य प्रदेश पुलिस की रेल इकाई (जीआरपी) ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। इंदौर जीआरपी की टीम ने तकनीकी जांच और गहन छानबीन के बाद एक कुख्यात अंतर्राज्यीय चोर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से करीब 15 लाख रुपये से अधिक मूल्य की चोरी गई संपत्ति बरामद की गई है। यह कार्रवाई मार्च महीने में ट्रेन यात्रा के दौरान हुई एक बड़ी चोरी की शिकायत के बाद की गई है।

मामले की शुरुआत 16 मार्च को हुई थी, जब इंदौर की रहने वाली एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि अहमदाबाद से इंदौर आते समय ट्रेन में उनका पर्स चोरी हो गया। पीड़िता अपने पति के साथ सफर कर रही थीं और उन्होंने सोते समय अपना पर्स सिरहाने रखा था। इंदौर स्टेशन पहुंचने पर उन्हें चोरी का पता चला, जिसमें लगभग 11.8 तोला सोने के आभूषण, एक मोबाइल फोन और नकदी मौजूद थी। शिकायत के तुरंत बाद जीआरपी थाना इंदौर ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की थी।

अपराध के महत्व को देखते हुए रेल पुलिस अधीक्षक (इंदौर) अरविंद तिवारी के निर्देशन में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मामले की तह तक जाने के लिए इंदौर से लेकर रतलाम तक के रेल मार्ग पर मौजूद अलग-अलग स्टेशनों के 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग को खंगाला। आखिरकार, सीसीटीवी फुटेज के सूक्ष्म विश्लेषण और साइबर सेल की तकनीकी मदद से संदिग्ध आरोपी को चिन्हित करने में सफलता मिली।

पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस की टीमों ने उसकी तलाश में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, गुजरात, तेलंगाना और दिल्ली समेत देश के कई राज्यों के विभिन्न शहरों में छापेमारी की। अथक प्रयासों के बाद आरोपी को नीमच से हिरासत में लिया गया। कड़ी पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरी का सारा सामान बरामद कर लिया गया। जब्त सामान में सोने का एक हार, दो कंगन, चार अंगूठियां, एक जोड़ी टॉप्स और महिला का पर्स शामिल है, जिसकी कुल कीमत लगभग 15 लाख रुपये है।

पुलिसिया पूछताछ में आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने केवल मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, तमिलनाडु और कर्नाटक जैसे कई अन्य राज्यों में भी ट्रेन चोरियों की वारदातों को अंजाम दिया है। इस बड़ी सफलता के बाद मध्य प्रदेश रेल पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। साथ ही, उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे सफर के दौरान अपने सामान को लेकर सावधान रहें और किसी भी संदेहास्पद गतिविधि की जानकारी तुरंत रेलवे पुलिस को दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button