सेशेल्स दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ दिखी खास ‘कार डिप्लोमेसी’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा के तहत शनिवार को हिंद महासागर के द्वीपीय देश सेशेल्स पहुंचे, जहां हवाई अड्डे पर सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच बेहतरीन तालमेल देखने को मिला, जिसकी झलक हवाई अड्डे से निकलते समय ‘कार यात्रा’ के दौरान भी साफ नजर आई। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस खास डिप्लोमेसी और सांस्कृतिक स्वागत से जुड़ी तस्वीरें साझा कीं। कार के भीतर दोनों नेता बेहद खुशनुमा माहौल में बातचीत करते दिखाई दिए। पीएम मोदी ने बताया कि वह राष्ट्रपति हर्मिनी के साथ ‘सेशेल्स नेशनल बोटैनिकल गार्डन’ के लिए रवाना हो रहे हैं।

इससे पहले, हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए गुजरात की पारंपरिक पोशाक पहने कलाकारों ने एक अत्यंत आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। कच्छ की समृद्ध संस्कृति पर आधारित इस नृत्य ने वहां उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। इस सांस्कृतिक जुड़ाव की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर कलाकारों के साथ एक तस्वीर साझा की। उन्होंने लिखा कि सेशेल्स एयरपोर्ट पर स्वागत के दौरान कच्छ का पारंपरिक नृत्य देखना एक अद्भुत अनुभव था। उन्होंने इस बात की भी तारीफ की कि प्रवासी भारतीय किस तरह अपनी धरती से दूर रहकर भी देश के अलग-अलग हिस्सों की संस्कृति को सहेज रहे हैं और उसे उत्सव के रूप में आगे बढ़ा रहे हैं।

हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री मोदी को अपने बीच पाकर वहां मौजूद भारतीय समुदाय के लोगों में भारी उत्साह देखा गया। प्रधानमंत्री ने भी गर्मजोशी दिखाते हुए प्रवासी भारतीयों से मुलाकात की और हाथ मिलाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया। राष्ट्रपति हर्मिनी द्वारा किए गए शानदार स्वागत के प्रति प्रधानमंत्री ने विशेष आभार जताया। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा कि एयरपोर्ट पर डॉ. पैट्रिक हर्मिनी द्वारा किए गए इस भव्य स्वागत के लिए वह उनके अत्यंत आभारी हैं। उन्होंने सेशेल्स को भारत का एक बहुमूल्य समुद्री साझेदार और हिंद महासागर क्षेत्र का एक करीबी मित्र बताया। इसके साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि यह यात्रा दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों को और सुदृढ़ करेगी तथा दोनों राष्ट्रों के नागरिकों के कल्याण के लिए आपसी सहयोग को बढ़ावा देगी।

प्रधानमंत्री मोदी शनिवार सुबह 8 बजकर 50 मिनट पर इस तीन दिवसीय दौरे के लिए भारत से रवाना हुए थे। वह 27 से 29 जून तक सेशेल्स की यात्रा पर रहेंगे। यह दौरा सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के विशेष निमंत्रण पर हो रहा है। अपनी इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेशेल्स की स्वतंत्रता की 50वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले भव्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button