भोपाल के जगदीशपुर में 19 जुलाई को होगी कैबिनेट बैठक, समान नागरिक संहिता विधेयक पर होगी मुख्य चर्चा: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि राज्य मंत्रि-परिषद की आगामी महत्वपूर्ण बैठक 19 जुलाई, रविवार को भोपाल जिले के ऐतिहासिक स्थल जगदीशपुर (पूर्व नाम इस्लाम नगर) में आयोजित की जाएगी। इस विशेष बैठक का मुख्य एजेंडा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक के मसौदे पर विचार-विमर्श करना होगा, जिसे ‘एक देश-एक विधान-एक प्रधान’ की दिशा में सरकार का एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने यह बात मंत्रालय में कैबिनेट सहयोगियों को संबोधित करते हुए कही।

मुख्यमंत्री ने बैठक में आगामी विधायी कार्यों की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि 20 जुलाई से मध्य प्रदेश विधानसभा का सत्र शुरू होने जा रहा है, जो 24 जुलाई तक संचालित होगा। इस पांच दिवसीय सत्र के दौरान सदन पटल पर कुल 14 विधेयक प्रस्तुत किए जाने हैं। डॉ. यादव ने मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित विधेयकों और विधायी प्रस्तावों की आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर लें।

प्रदेश के भविष्य की योजनाओं का खाका प्रस्तुत करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार वर्ष 2027 को ‘युवा वर्ष’ के रूप में आयोजित करने जा रही है। इस दौरान संचालित होने वाली गतिविधियों और अभिनव प्रयोगों के संबंध में प्रदेश की जनता से रचनात्मक सुझाव आमंत्रित किए जा रहे हैं, जिन्हें 2027 की अंतिम कार्ययोजना में शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही, वर्तमान वर्ष 2026 को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाते हुए उन्होंने मंत्रियों से कृषि क्षेत्र में नए सुधारों और किसान हितैषी योजनाओं को लेकर भी विचार मांगे हैं।

प्रशासनिक और तकनीकी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए डॉ. यादव ने नगरीय आवास एवं विकास विभाग को बधाई दी। विभाग के ‘ई-नगर पालिका’ डिजिटल प्लेटफॉर्म को उसकी उत्कृष्ट साइबर सुरक्षा प्रणाली के लिए राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार 2026 के अंतर्गत प्रतिष्ठित रजत पुरस्कार से नवाजा गया है। मुख्यमंत्री ने इस सफलता को पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित डिजिटल सुशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम बताया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में इंदौर की सराहना करते हुए कहा कि वहां 12 जुलाई को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 21 लाख पौधे लगाने और 51 हजार वर्षा जल संचयन इकाइयां स्थापित करने का महाअभियान शुरू हुआ है, जो देश के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण है।

औद्योगिक प्रगति की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने पीथमपुर को राज्य का मुख्य ‘इंडस्ट्रियल ग्रोथ इंजन’ और देश का ‘मैन्युफैक्चरिंग गेटवे’ बताया। पीथमपुर में हाल ही में दो बड़े निवेशों के रूप में ‘किसान इरिगेशन’ की चौथी इकाई और ‘लिउगोंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ के नए विनिर्माण प्लांट का उद्घाटन हुआ है। इसके साथ ही भोपाल में 13 जुलाई को आयोजित हुए ‘एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0’ के माध्यम से प्रदेश में 40 हजार करोड़ रुपये के निवेश और 34 हजार से अधिक रोजगार के अवसरों का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश अब सेमीकंडक्टर और आईटी हब के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है। युवाओं को प्रेरित करने के लिए इंदौर में 11 जुलाई को आयोजित ‘माय यूथ-माय प्राइड कॉन्क्लेव’ में मालवा-निमाड़ क्षेत्र के 200 से अधिक डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स शामिल हुए, जिनके लिए अब राज्य सरकार ने ‘डिजिटल कंटेंट अवॉर्ड’ शुरू करने का भी निर्णय लिया है।

अंत में, खेल जगत की ऐतिहासिक उपलब्धि का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स मैदान पर इंग्लैंड को 270 रनों से मात देने पर हार्दिक बधाई दी। डॉ. यादव ने विशेष गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि लॉर्ड्स के 142 साल के इतिहास के इस पहले महिला टेस्ट मैच की जीत में मध्य प्रदेश की बेटी सुश्री क्रांति गौड़ की भूमिका बेहद खास रही, जिन्होंने पहली पारी में 5 विकेट और पूरे मैच में कुल 7 विकेट चटकाकर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब हासिल किया। इस ऐतिहासिक विजय ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button