सुरक्षा कारणों के चलते दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन अगले आदेश तक बंद

राजधानी में सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए बुधवार को दिल्ली मेट्रो प्रशासन ने 16 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों को अनिश्चितकाल के लिए बंद करने का निर्णय लिया है। इसके बावजूद, यात्रियों की आवाजाही को सुचारू बनाए रखने के लिए राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर लाइन बदलने यानी इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने ‘एक्स’ पर सार्वजनिक सूचना जारी कर बताया कि सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों के तहत 16 मेट्रो स्टेशनों पर परिचालन अस्थायी रूप से स्थगित किया गया है। यह आदेश आगामी दिशा-निर्देश जारी होने तक प्रभावी रहेगा।
बंद किए गए स्टेशनों की सूची में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग तथा शिवाजी स्टेडियम शामिल हैं। इन सभी स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास पर रोक लगा दी गई है।
उल्लेखनीय है कि इसी सप्ताह रविवार को भी सुरक्षा के दृष्टिकोण से जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट और सेवा तीर्थ स्टेशनों को अस्थायी तौर पर बंद किया गया था। हालांकि, उस दौरान परिस्थितियों को देखते हुए कुछ समय बाद राजीव चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों के द्वार खोल दिए गए थे और इंटरचेंज सेवा भी शुरू कर दी गई थी।



