भारतीय पर्यटन और एविएशन सेक्टर को मजबूती: एयर इंडिया ने पर्यटन मंत्रालय के साथ मिलाया हाथ

पर्यटन मंत्रालय और एयर इंडिया ने सोमवार को एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करते हुए भारत को वैश्विक पर्यटन नक्शे पर अग्रणी स्थान दिलाने और देश को एक प्रमुख एविएशन व ट्रांजिट हब के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। एयर इंडिया द्वारा साझा की गई जानकारी के मुताबिक, इस समझौते का मुख्य उद्देश्य एयरलाइन की अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति और ‘इन्क्रेडिबल इंडिया’ पहल के माध्यम से विदेशों से भारत आने वाले पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि करना है।

इस द्विपक्षीय सहयोग के तहत ट्रांजिट टूरिज्म को बढ़ावा देने, ट्रैवल ट्रेड के साथ जुड़ाव बढ़ाने और यात्रा प्रक्रिया को अधिक आरामदायक बनाने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। दोनों संस्थान दुनिया भर के यात्रियों को भारत की अनूठी सांस्कृतिक विरासत, विविध परिदृश्यों और समृद्ध पर्यटन अवसरों की ओर आकर्षित करने के लिए रणनीतिक रूप से मिलकर काम करेंगे।

प्रचार-प्रसार की दिशा में एयर इंडिया और पर्यटन मंत्रालय द्वारा एकीकृत वैश्विक मार्केटिंग अभियान आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, इन-फ्लाइट ब्रांडिंग और डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर चैनलों का सहारा लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए एयर इंडिया के प्रमुख कस्टमर टचपॉइंट्स पर ‘इन्क्रेडिबल इंडिया’ ब्रांडिंग को लागू करने पर विचार किया जा रहा है।

एयर इंडिया के चीफ कमर्शियल ऑफिसर निपुण अग्रवाल ने इस कदम को बेहद महत्त्वपूर्ण बताते हुए कहा कि एयरलाइन के कंधों पर वैश्विक स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का दायित्व है। उन्होंने कहा कि तेजी से फैल रहा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित करने में मदद करेगा और यह साझेदारी विश्व मंच पर एक सशक्त, आधुनिक और मेहमाननवाज भारत की छवि को उजागर करेगी।

वर्तमान में एयर इंडिया का वैश्विक नेटवर्क एशिया, उत्तर अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोप, अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया तक विस्तारित है, जो दुनिया की लगभग 95 प्रतिशत जनसंख्या को कवर करता है। 5 महाद्वीपों के 40 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों में अपनी उड़ानों के संचालन, नए आधुनिक बेड़े और उन्नत इन-फ्लाइट सेवाओं के बल पर एयरलाइन इस पर्यटन अभियान को सफलता से क्रियान्वित करने के लिए तत्पर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button