नशामुक्ति अभियान में इंदौर का बड़ा कीर्तिमान, 1.75 लाख नागरिकों की सहभागिता से बना नया विश्व रिकॉर्ड

इंदौर में 28 जुलाई 2026 को मध्यप्रदेश पुलिस के “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत एक विशाल ई-शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इंदौर पुलिस कमिश्नरेट के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में 1,75,451 नागरिकों ने एक साथ नशामुक्त समाज के निर्माण की ई-शपथ लेकर विश्व कीर्तिमान स्थापित किया। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने इंदौर स्थित मुख्य कार्यालय से सभी से जुड़ाव कायम करते हुए नागरिकों को नशीले पदार्थों से दूर रहने और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने का संकल्प कराया।
यह विशाल आयोजन इंदौर पुलिस आयुक्त कार्यालय से डिजिटल माध्यमों के जरिए संचालित हुआ। शहर के विभिन्न हिस्सों में स्थित पुलिस थानों, बटालियन पीटीसी, पुलिस लाइन, आरएपीटीसी, होमगार्ड, पुनर्वास केंद्रों, शैक्षणिक संस्थानों और कॉर्पोरेट दफ्तरों को ज़ूम, यूट्यूब लाइव व सोशल मीडिया के माध्यम से जोड़ा गया। इस दौरान स्कूली व कॉलेज छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, पुलिसकर्मियों, कॉर्पोरेट कर्मियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यह नया रिकॉर्ड इंदौर पुलिस द्वारा बनाए गए पिछले रिकॉर्ड से काफी आगे निकल गया है। वर्ष 2025 में चलाए गए अभियान के प्रथम चरण में इंदौर पुलिस ने 85,003 लोगों को एक साथ ई-शपथ दिलाकर विश्व रिकॉर्ड दर्ज किया था। इस बार 1,75,451 की संख्या तक पहुंचकर पुलिस और इंदौर के नागरिकों ने जनभागीदारी की एक नई मिसाल पेश की है।
कार्यक्रम के अंत में ‘वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन’ के प्रतिनिधियों ने शपथ लेने वाले प्रतिभागियों की कुल संख्या और पूरी प्रक्रिया की समीक्षा की। सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद संस्था ने इंदौर पुलिस कमिश्नरेट के नाम नए विश्व रिकॉर्ड की पुष्टि की और उन्हें आधिकारिक प्रशंसा पत्र सौंपा।
उल्लेखनीय है कि “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” का उद्देश्य महज कानून व्यवस्था का पालन कराना नहीं, बल्कि समाज के सभी वर्गों को एकजुट करना है। अभियान के जरिए स्कूलों, कॉलेजों और नागरिक समूहों को जोड़कर युवाओं को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करने और नशे के दुष्परिणामों के प्रति सजग करने का प्रयास किया जा रहा है।

