पुरुषों की ट्रिपल जंप में प्रवीण चित्रवेल को रजत व सेल्वा प्रभु को कांस्य, भाला फेंक के बाद फिर दोहराया इतिहास

स्कॉट्सटाउन स्टेडियम में शनिवार को खेले गए राष्ट्रमंडल खेल 2026 के पुरुषों के ट्रिपल जंप मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने दोहरा पदक हासिल किया। राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक प्रवीण चित्रवेल ने 16.58 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक और युवा खिलाड़ी सेल्वा प्रभु थिरुमारन ने 16.52 मीटर के सत्र के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जमैका के जॉर्डन स्कॉट के नाम रहा, जिन्होंने 16.72 मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर प्रवीण से 14 सेंटीमीटर की बढ़त हासिल की। वर्ष 2022 के बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में महज तीन सेंटीमीटर के अंतर से मेडल से चूके प्रवीण ने इस बार शानदार प्रदर्शन करते हुए पोडियम पर स्थान पक्का किया। प्रवीण ने स्पर्धा की शुरुआत 16.05 मीटर से की। इसके बाद उनके प्रयास 15.64 मीटर, 16.31 मीटर, 16.58 मीटर (सर्वश्रेष्ठ) और 16.40 मीटर रहे, जबकि छठा प्रयास अमान्य रहा।

21 वर्षीय सेल्वा प्रभु ने भी प्रतियोगिता के दौरान निरंतर सुधार का परिचय दिया। पहली छलांग में 15.87 मीटर और दूसरी में 16.17 मीटर दर्ज कराने के बाद उन्होंने तीसरे प्रयास में 16.43 मीटर की दूरी तय की। चौथे दौर में अमान्य छलांग के बाद, पांचवें दौर में 16.52 मीटर का सीजन बेस्ट प्रदर्शन कर उन्होंने कांस्य पदक पक्का कर लिया। उनका अंतिम प्रयास 16.08 मीटर का रहा।

जैवलिन थ्रो के बाद यह दूसरा अवसर रहा जब भारत ने एक ही स्पर्धा में दो पदक जीते। इससे पूर्व शुक्रवार देर रात (भारतीय समयानुसार) पुरुषों के भाला फेंक में नीरज चोपड़ा ने 85.83 मीटर के थ्रो के साथ रजत और यशवीर सिंह ने 85.41 मीटर के थ्रो के साथ कांस्य पदक जीता था।

प्रवीन चित्रवेल के करियर ग्राफ पर नजर डालें तो उन्होंने 2018 में खेलो इंडिया स्कूल गेम्स में स्वर्ण पदक और उसी वर्ष यूथ ओलंपिक में कांस्य पदक हासिल किया था। 2023 में उन्होंने एशियाई इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने के दौरान राष्ट्रीय इंडोर रिकॉर्ड बनाया था। इसके उपरांत 17.37 मीटर की दूरी के साथ भारतीय आउटडोर राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया और हांग्जो एशियाई खेलों में कांस्य पदक प्राप्त किया।

दूसरी ओर, मदुरै में जन्मे सेल्वा प्रभु थिरुमारन ने 2022 विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर अपनी क्षमता का परिचय दिया था। वर्ष 2023 में 16.79 मीटर का अंडर-20 राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने के साथ ही वह एशियाई एथलेटिक्स एसोसिएशन द्वारा ‘सर्वश्रेष्ठ एशियाई अंडर-20 पुरुष एथलीट ऑफ द ईयर’ चुने जाने वाले प्रथम भारतीय बने। हाल ही में इस वर्ष 17.05 मीटर के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ के साथ 17 मीटर के क्लब में शामिल हुए सेल्वा के अंतरराष्ट्रीय सफर में यह राष्ट्रमंडल पदक एक नया मील का पत्थर साबित हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button