नाथू बरखेड़ा अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर से वैश्विक पटल पर चमकेगा भोपाल, सीएम डॉ. मोहन यादव ने तैयारियों का लिया जायजा

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित नाथू बरखेड़ा में सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निर्माणाधीन अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। 136.296 एकड़ में फैले इस विशाल खेल परिसर के निर्माण पर 985.76 करोड़ रुपये की लागत आ रही है। इस अवसर पर खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, प्रशासनिक अधिकारी और कई खिलाड़ी भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निरीक्षण के दौरान बताया कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नया स्पोर्ट्स हब बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय मानकों वाली खेल सुविधाएं उपलब्ध होने से भोपाल को वैश्विक खेल जगत में एक नई पहचान मिलेगी।

कॉम्प्लेक्स के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने नव-निर्मित सिंथेटिक हॉकी टर्फ का जायजा लिया। खेल मंत्री सारंग ने अवगत कराया कि पहले चरण के तहत 5,000 दर्शकों की क्षमता वाले पेवेलियन और हॉकी स्टेडियम का निर्माण पूरा हो गया है, जो जल्द ही खेल विभाग को हस्तांतरित कर दिया जाएगा। इसी मैदान पर इस वर्ष अक्टूबर और नवंबर महीने के दौरान एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री ने समय-सीमा के भीतर सभी प्रबंध पूरे करने के निर्देश दिए। साथ ही, परिसर में दो कन्वेंशन सेंटर भी स्थापित किए जा रहे हैं।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने 10,000 दर्शक क्षमता वाले अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स सिंथेटिक ट्रैक और उसके केंद्र में बन रहे फुटबॉल स्टेडियम के निर्माण का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। यह ट्रैक इंटरनेशनल एथलेटिक्स फेडरेशन एवं एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तय मानकों के अनुसार बनाया जा रहा है।

यह विशाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तीन चरणों में निर्मित हो रहा है। राज्य सरकार ने प्रथम चरण के लिए 357.96 करोड़ रुपये तथा द्वितीय चरण के लिए 627.80 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी है। प्रथम चरण का कार्य पूरी तरह समाप्त हो चुका है, जबकि इंडोर कॉम्प्लेक्स, स्विमिंग पूल, हॉस्टल और घुड़सवारी ट्रैक से जुड़े द्वितीय चरण का निर्माण कार्य नवंबर 2026 तक पूरा किया जाएगा। अंतिम और तीसरे चरण में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और साइकिलिंग वेलोड्रोम का निर्माण प्रस्तावित है।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रही सेना भर्ती प्रक्रिया के अभ्यर्थियों से भी संवाद किया। सेना भर्ती अधिकारी जे.एस. सिंह ने बताया कि द्वितीय चरण के फिजिकल और मेडिकल टेस्ट के लिए 4,500 अभ्यर्थी शामिल हुए हैं, जिनमें से 3,000 योग्य जवानों का चयन किया जाएगा। इस वर्ष दिसंबर तक प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवनियुक्त जवान 1 जनवरी 2027 से छह माह का प्रशिक्षण शुरू करेंगे। साथ ही क्षेत्र में 175 धर्म गुरुओं की भर्ती भी जारी है। मुख्यमंत्री ने अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सफलता की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button