कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली में पदक विजेताओं का किया अभिनंदन, एथलीटों के प्रदर्शन की सराहना की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने आधिकारिक आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले भारतीय पदक विजेताओं से मुलाकात की और उनकी सफलताओं के लिए उन्हें बधाई दी।
इस खास मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों के अनुभवों को जानने का अवसर मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि एथलीटों ने अपने शानदार खेल से देश का नाम ऊंचा किया है और उनकी यह उपलब्धि भारत के लाखों युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया खाते पर इस मुलाकात का एक वीडियो संदेश भी जारी किया। वीडियो की शुरुआत में महिला 51 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाली मुक्केबाज साक्षी चौधरी ने प्रधानमंत्री का आभार जताया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा आमंत्रित किया जाना पूरे दल के लिए गर्व की बात है और पीएम का बेहद सहज तथा विनम्र स्वभाव सभी को बहुत पसंद आया।
बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने “जो खेलेगा, वो खिलेगा” और “ऑलवेज चियर फॉर भारत” का संदेश दिया। इसके साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों के साथ मिलकर ‘भारत माता की जय’ का उद्घोष किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
भारत ने इस बार ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों की पदक तालिका में कुल 39 पदक जीतकर चौथा स्थान हासिल किया। भारतीय दल के खाते में 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य पदक आए। यह प्रदर्शन इसलिए भी विशेष रहा क्योंकि इस बार प्रतियोगिता का दायरा छोटा कर दिया गया था और इसमें कुश्ती, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, हॉकी तथा शूटिंग जैसे अधिक पदक दिलाने वाले खेल शामिल नहीं थे।
मुक्केबाजी प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों ने दबदबा बनाते हुए सात स्वर्ण और तीन रजत पदक अपने नाम किए। वहीं, जूडो टीम ने दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य सहित चार पदक जीतकर राष्ट्रमंडल खेलों में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया। एथलेटिक्स में भारत को कुल 10 पदक (पांच रजत और पांच कांस्य) प्राप्त हुए, जिसमें गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में रजत और 5,000 मीटर में कांस्य जीतकर एक ही राष्ट्रमंडल खेलों में दो व्यक्तिगत पदक हासिल करने वाले पहले भारतीय एथलीट बनने का इतिहास रचा।



