तात्या टोपे स्टेडियम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तिरंगा यात्रा को दिखाई हरी झंडी, 14 अगस्त तक मध्य प्रदेश में मनेगा ‘हर घर तिरंगा’ उत्सव

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 9 अगस्त को भोपाल के तात्या टोपे (टी.टी. नगर) स्टेडियम में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान ‘हर घर तिरंगा अभियान’ का विधिवत शुभारंभ किया और तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

स्टेडियम में आयोजन से पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने निवास स्थान पर तिरंगा फहराया। इसके बाद वह हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर अपने स्टाफ के संग देशभक्ति के जयघोषों के बीच पैदल समत्व भवन तक गए और फिर वहां से स्वयं बाइक चलाकर तात्या टोपे स्टेडियम पहुंचे। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, वरिष्ठ विधायक एवं अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, सांसद आलोक शर्मा तथा महापौर मालती राय सहित अनेक जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे।

टी.टी. नगर स्टेडियम से शुरू हुई इस यात्रा में स्कूली विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेटों, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों और न्यू मार्केट व माता मंदिर क्षेत्र के व्यापारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। महाराणा प्रताप लोक, टीन शेड और सांदीपनि विद्यालय तक पैदल यात्रा के बाद मुख्यमंत्री पुनः मोटरसाइकिल पर सवार होकर न्यू मार्केट, रोशनपुरा तथा पॉलिटेक्निक चौराहे से होते हुए वापस मुख्यमंत्री निवास पहुंचे। इस यात्रा मार्ग में न्यू मार्केट व्यापार संरक्षण समिति तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा बैंड-बाजों की देशभक्ति धुनों के साथ पुष्पवर्षा कर यात्रा का आत्मीय अभिनंदन किया गया।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि 9 अगस्त 1942 को महात्मा गांधी के नेतृत्व में शुरू हुए ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ ने देश की आजादी का मार्ग प्रशस्त किया था। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के इसी महान योगदान और बलिदान को याद करने के लिए राज्य में 9 से 14 अगस्त तक यह अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों, नगरीय वार्डों, कस्बों और राजधानी भोपाल में विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों से अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आग्रह किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके मार्गदर्शन में संपूर्ण विश्व भारत के बदलते सामर्थ्य को महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि “वसुधैव कुटुंबकम्” और “जियो और जीने दो” के मूल दर्शन के साथ भारत ‘अमृतकाल@2047’ तक दुनिया का अग्रणी राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने जनता से अपनी आजादी को अक्षुण्ण रखने और अपने नागरिक दायित्वों का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करने की बात कही।

राज्य की विकास योजनाओं की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में वायु सेवा का विस्तार तेजी से हो रहा है। भोपाल से कोलकाता (रीवा होकर) और पटना के लिए नई सीधी उड़ानें शुरू की जा रही हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार आने वाले समय में प्रदेश में करीब 10 नए हवाई अड्डों का विकास करने की योजना पर पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button