द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को विस्तार देने वेलिंगटन में मिले भारत और न्यूजीलैंड, रोडमैप 2030 पर हुई चर्चा

न्यूजीलैंड के वेलिंगटन में भारत और न्यूजीलैंड के प्रतिनिधियों के बीच दूसरी रक्षा रणनीतिक वार्ता संपन्न हुई। इस वार्ता का नेतृत्व भारत की ओर से संयुक्त सचिव अमिताभ प्रसाद तथा न्यूजीलैंड की तरफ से रक्षा मंत्रालय के उप सचिव रिचर्ड श्मिट ने किया, जिसका मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के सामरिक व सैन्य संबंधों को प्रगाढ़ करना था।
इस द्विपक्षीय संवाद में दोनों देशों ने रक्षा संबंधों को दीर्घकालिक दिशा देने वाले ‘रोडमैप 2030’ के उद्देश्यों को गति देने पर चर्चा की। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, बातचीत के दौरान समुद्री सुरक्षा, संयुक्त सैन्य अभ्यास और रक्षा क्षेत्र में व्यावहारिक प्रगति हासिल करने के उपायों पर केंद्रित रूप से विचार रखा गया।
हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए समुद्री क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने को अहमियत दी गई। दोनों पक्षों का मानना है कि समुद्री सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने से क्षेत्र में साझा रणनीतिक हितों की रक्षा संभव हो सकेगी।
सैन्य क्षमताओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से दोनों देशों के सुरक्षा बलों के मध्य नियमित प्रशिक्षण और पेशेवर संपर्कों को बढ़ावा देने पर सहमति बनी। इससे अभियानों के संचालन से जुड़ी समझ और दोनों सेनाओं के बीच आपसी तालमेल में वृद्धि होगी।
विशेषज्ञों के अनुसार, रक्षा क्षेत्र में बढ़ रही यह सक्रियता दोनों देशों के समग्र कूटनीतिक और रणनीतिक संबंधों का अहम हिस्सा है। इस दूसरी रणनीतिक वार्ता से भविष्य में रक्षा और समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में ठोस साझेदारी का मार्ग प्रशस्त हुआ है।


