मजबूत वैश्विक संकेतों से चमका शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी में बढ़त के साथ शुरुआत

वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के दम पर सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को घरेलू शेयर बाजार में तेजी दर्ज की गई। सुबह 9:21 बजे बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 226 अंक (0.28 प्रतिशत) की मजबूती के साथ 77,765 के स्तर पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 52 अंक (0.22 प्रतिशत) चढ़कर 24,305 पर कारोबार कर रहा था।
शुरुआती कारोबार में बाजार की तेजी को सबसे बड़ा सहारा आईटी सेक्टर से मिला। सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी आईटी और निफ्टी मीडिया करीब एक प्रतिशत की उछाल के साथ शीर्ष लाभ कमाने वाले सूचकांक रहे। इसके अलावा मेटल, ऑयल एंड गैस, एनर्जी, कमोडिटीज, सर्विसेज, फाइनेंशियल सर्विसेज और प्राइवेट बैंक सेक्टर भी हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, फार्मा, हेल्थकेयर, डिफेंस, ऑटो और पीएसयू बैंक सूचकांकों में गिरावट दर्ज की गई।
बाजार में चौतरफा लिवाली के बीच लार्जकैप के साथ-साथ व्यापक बाजार में भी मजबूती बनी रही। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 166 अंक (0.26 प्रतिशत) सुधरकर 63,900 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 96 अंकों (0.46 प्रतिशत) की तेजी आई और यह 20,068 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।
सेंसेक्स के प्रमुख शेयरों में इंफोसिस, एचसीएल टेक, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक, टीसीएस, टेक महिंद्रा, इंडिगो, आईसीआईसीआई बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचयूएल, एनटीपीसी, ट्रेंट, आईटीसी, मारुति सुजुकी, एसबीआई और सन फार्मा बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। इसके विपरीत एशियन पेंट्स, बीईएल, टाइटन, अदाणी पोर्ट्स, इटरनल, पावर ग्रिड, बजाज फिनसर्व, भारती एयरटेल और एमएंडएम में बिकवाली का दबाव देखा गया।
घरेलू बाजार की इस मजबूती के पीछे अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में नरमी और कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट प्रमुख कारक रहे। अमेरिकी सरकार द्वारा दीर्घावधि बॉन्ड बायबैक की सीमा 2 अरब डॉलर से बढ़ाकर 4 अरब डॉलर किए जाने के बाद 30 वर्षीय अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में करीब आधा प्रतिशत की कमी आई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 1.5 प्रतिशत फिसलकर 91.35 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड 1.60 प्रतिशत टूटकर 85.68 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। इससे पहले शुक्रवार को अमेरिकी शेयर बाजार भी बढ़त पर बंद हुए थे, जहां डाओ जोन्स 0.98 प्रतिशत और नैस्डैक 0.43 प्रतिशत की तेजी पर रहे।



