मंदिरों की सुरक्षा पर मप्र पुलिस की सख्त कार्रवाई: पांढुर्णा, छतरपुर, धार और बड़वानी में कई मामलों का पर्दाफाश, मूर्तियां व नकदी जब्त

धार्मिक स्थलों की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए मध्यप्रदेश पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर राज्य के चार जिलों में हाल ही में हुई मंदिर चोरियों की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस टीमों ने पांढुर्णा, छतरपुर, धार और बड़वानी में त्वरित दबिश देकर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा और चोरी गई बहुमूल्य प्रतिमाएं व सामग्री बरामद की।
पांढुर्णा के सौंसर थाना अंतर्गत जैन मंदिर, सहस्त्रबाहु मंदिर और भवानी माता मंदिर में एक साथ हुई चोरी की घटना को पुलिस ने 24 घंटे में सुलझा लिया। एसपी प्रकाशचंद्र परिहार के निर्देशन में जांच टीम ने फिंगरप्रिंट, सीसीटीवी और डॉग स्क्वाड की मदद से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से भगवान पार्श्वनाथ की 4 मूर्तियों समेत तीर्थंकरों व बाहुबली भगवान की प्रतिमाएं, अष्टधातु विग्रह, मुकुट, छत्र, घंटियां, दानपेटियां तथा 56,849 रुपये नकद जब्त किए गए। घटना में इस्तेमाल बाइक और मोबाइल फोन भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिए हैं।
छतरपुर के बक्सवाहा स्थित नैनागिर तीर्थ क्षेत्र के तीन मंदिरों में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक इनामी बदमाश को पकड़ा है, जिस पर एसपी द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम रखा गया था। यह आरोपी बमनौरा के अबार माता मंदिर में चोरी के प्रयास के दौरान पकड़ा गया था, जिसने कड़ाई से पूछताछ में नैनागिर की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसके पास से नकदी, बाइक, कटर, प्लास और अन्य औजार बरामद हुए।
धार के अमझेरा थाना अंतर्गत नानादेवी मंदिर में हुई चोरी के प्रकरण में पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। इनके कब्जे से चांदी का मुकुट, कुंडल, तीन छत्र और दो जोड़ी नाग-नागिन सहित कुल 2 लाख 30 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
बड़वानी के जुलवानिया स्थित मंगलनाथ हनुमान मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने संभाजी नगर (महाराष्ट्र) से दबोचा। एसपी पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा 5 हजार रुपये का इनाम घोषित होने के बाद पुलिस ने चार कस्बों के सीसीटीवी फुटेज जांचे और 100 से अधिक गांवों में सुराग जुटाए। कंचनवाड़ी में दबिश देकर पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर चोरी की दानपेटी व पंखा बरामद किया गया।
प्रदेश पुलिस नागरिकों की धार्मिक आस्था के संरक्षण और पूजा स्थलों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे मामलों में अपराधियों के विरुद्ध लगातार ठोस व प्रभावी कानूनी कदम उठा रही है।



