सीहोर के गोपालपुर सब स्टेशन में 50 MVA का नया ट्रांसफार्मर चालू, जिले की पारेषण क्षमता 2607 MVA पहुंची

मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने सीहोर जिले की विद्युत पारेषण प्रणाली को सुदृढ़ करते हुए 132 केवी सब स्टेशन गोपालपुर में 50 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर उसे सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत कर दिया है। इस नए संयंत्र के जुड़ने के साथ ही गोपालपुर सब स्टेशन की कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता बढ़कर 90 एमवीए हो गई है।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि इस सब स्टेशन पर अब तक केवल एक ट्रांसफार्मर कार्यरत था। क्षेत्र में बढ़ते विद्युत भार को संभालने और ग्रिड की विश्वसनीयता बढ़ाने के उद्देश्य से यह दूसरा ट्रांसफार्मर लगाया गया है। दोहरी ट्रांसफार्मर व्यवस्था से लोड का प्रबंधन अधिक प्रभावी होगा, साथ ही किसी एक यूनिट के तकनीकी कारणों से बंद होने या रखरखाव की स्थिति में भी बिजली पारेषण बाधित नहीं होगा।

एमपी ट्रांसको भोपाल के अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेश शांडिल्य के अनुसार, यह सीहोर जिले में क्रियाशील होने वाला 27वां एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज (ईएचवी) पावर ट्रांसफार्मर है। इसके ऊर्जीकृत होने से जिले की कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता 2607 एमवीए के स्तर पर पहुंच गई है।

वर्तमान में एमपी ट्रांसको सीहोर जिले में 11 एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज सब स्टेशनों के जरिए विद्युत पारेषण व्यवस्था संचालित कर रही है। इस नेटवर्क में 400 केवी आष्टा और 220 केवी बुधनी के अलावा 132 केवी क्षमता के गोपालपुर, शाहगंज, सलकनपुर, इछावर, सीहोर, श्यामपुर और नसरुल्लागंज सहित अन्य सब स्टेशन शामिल हैं।

गोपालपुर में नई यूनिट शुरू होने के बाद प्रदेश स्तर पर एमपी ट्रांसको की कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता बढ़कर 85,398 एमवीए हो गई है। कंपनी पूरे मध्य प्रदेश में 417 ईएचवी सब स्टेशनों का संचालन कर रही है, जिसमें 400 केवी के 14, 220 केवी के 88 और 132 केवी के 315 सब स्टेशन शामिल हैं। वहीं प्रदेशभर में स्थापित कुल 1,055 पावर ट्रांसफार्मरों में 400 केवी के 41, 220 केवी के 220 तथा 132 केवी स्तर के 794 ट्रांसफार्मर सक्रिय रूप से सेवा दे रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button