भारत में विनिर्माण और आरएंडडी में निवेश बढ़ाए 3एम: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण

केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना स्थित एशविल में बहुराष्ट्रीय कंपनी 3एम से भारत में अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी), उन्नत विनिर्माण और स्थानीय आपूर्ति शृंखला के विस्तार में निवेश बढ़ाने का आग्रह किया।

वित्त मंत्रालय द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर दी गई जानकारी के अनुसार, जी-20 वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की बैठक के इतर वित्त मंत्री और 3एम के चेयरमैन एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) विलियम ब्राउन के बीच एक द्विपक्षीय बैठक हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत में 3एम की रणनीतिक सहभागिता को और अधिक सुदृढ़ करना था।

चर्चा के दौरान इस बात पर जोर दिया गया कि भारत अब केवल एक उपभोक्ता बाजार तक सीमित नहीं है, बल्कि वह उन्नत विनिर्माण और नवाचार-आधारित उत्पादन का एक प्रमुख वैश्विक मंच बन चुका है। बातचीत में डेटा सुरक्षा, तकनीकी प्रगति और कुशल भारतीय प्रतिभाओं को घरेलू औद्योगिक तंत्र में प्रभावी ढंग से जोड़ने जैसे विषयों पर भी मंथन किया गया।

वित्त मंत्री ने कहा कि भारत के पास मजबूत औद्योगिक आधार और योग्य कार्यबल है, जिसका लाभ उठाकर वैश्विक कंपनियां दीर्घकालिक प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त हासिल कर सकती हैं। उन्होंने रेखांकित किया कि भारत में विकसित होने वाले नवाचार न केवल घरेलू बाजार की मांग पूरी करेंगे, बल्कि एशिया-प्रशांत क्षेत्र और अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति तंत्र को भी मजबूती देंगे।

वहीं, 3एम के प्रमुख विलियम ब्राउन ने भारत के विशाल प्रतिभा आधार की सराहना करते हुए कहा कि देश में प्रौद्योगिकी विकास और स्थानीय बाजार दोनों के लिए व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने आर्थिक और संरचनात्मक सुधारों के जरिए उद्योगों को समर्थन देने के लिए सरकार की नीतियों की प्रशंसा की।

उल्लेखनीय है कि वित्त मंत्री अगले दो दिनों तक एशविल में जी-20 से जुड़े विभिन्न सत्रों में शिरकत करेंगी। इससे पूर्व, दक्षिण कैरोलिना के ग्रीनविल-स्पार्टनबर्ग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने उनका स्वागत किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button