महिला एवं बाल विकास आयुक्त संदीप जी.आर. ने सीहोर के आंगनवाड़ी केंद्र का किया औचक निरीक्षण, सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के दिए निर्देश

महिला एवं बाल विकास विभाग के नवागत आयुक्त संदीप जी.आर. ने मैदानी व्यवस्थाओं का जायजा लेने के उद्देश्य से सीहोर जिले के डोडी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-58 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा धात्री माताओं को दी जा रही स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी सेवाओं की स्थिति का बारीकी से मूल्यांकन किया।

निरीक्षण के क्रम में आयुक्त ने 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों को परोसे जाने वाले नाश्ते और पके हुए गर्म भोजन के स्वाद व उसकी गुणवत्ता की स्वयं पड़ताल की। इसके अतिरिक्त उन्होंने 6 माह से 3 वर्ष के बच्चों, गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को दिए जाने वाले ‘टेक होम राशन’ के वितरण, केंद्र में चल रही शाला पूर्व शिक्षा गतिविधियों तथा स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली को विस्तार से देखा।

आयुक्त ने बच्चों के आहार में पोषक तत्वों की मात्रा बढ़ाने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी की पोषण वाटिका में सहजन (मोरिंगा/मुनगा) के 20 पौधे लगाए जाएं। साथ ही बच्चों के भोजन की गुणवत्ता बेहतर करने के लिए रोटियों अथवा पूरियों में स्थानीय तौर पर उपलब्ध चुकंदर और सहजन की पत्तियों जैसी पौष्टिक सामग्रियों को मिलाने का सुझाव दिया, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य स्तर में ठोस सुधार लाया जा सके।

जमीनी हकीकत परखने के लिए उन्होंने वहां मौजूद बच्चों और महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित कर फीडबैक लिया। आयुक्त ने बच्चों से भोजन के संबंध में पूछा और महिलाओं से स्वास्थ्य तथा पोषण लाभों की नियमितता पर चर्चा की। इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं द्वारा डिजिटल पोषण ट्रैकर के माध्यम से बच्चों को कराए जा रहे शैक्षणिक वीडियो सत्रों और गतिविधियों का भी अवलोकन किया।

संदीप जी.आर. ने स्पष्ट किया कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल आहार वितरण तक सीमित न रहकर बच्चों के सर्वांगीण विकास, बुनियादी शिक्षा और मातृ-शिशु सुरक्षा का केंद्र बनना चाहिए। उन्होंने कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य प्रबंधन और उपचार पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना के नए पंजीयनों की समीक्षा करते हुए सभी पात्र लाभार्थियों तक लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचाने की हिदायत दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button