मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा-संकल्प अभियान’, दीप प्रज्ज्वलन से बनेगा विश्व रिकॉर्ड: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समत्व भवन में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान घोषणा की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा व समर्पण काल तथा उनके जन्मदिन के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक मध्यप्रदेश में व्यापक स्तर पर ‘सेवा-संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायत से लेकर नगर स्तर तक इस अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जाए। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को प्रदेशभर में रिकॉर्ड संख्या में दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी।
अभियान के प्रथम दिन 17 सितंबर को शाम सात बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के अंतर्गत उज्जैन के महाकाल महालोक समेत प्रदेश के सभी नगरीय वार्डों और ग्राम पंचायतों में एक साथ दीप प्रज्ज्वलन होगा, जिसमें शासकीय योजनाओं के लाभार्थी और संस्थाएं शामिल होंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव उज्जैन से इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे। इसी दिवस सभी मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य केंद्रों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को इन दोनों महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का राज्य प्रभारी दायित्व सौंपा गया है।
रचनात्मक गतिविधियों की कड़ी में 19 से 26 सितंबर तक जिलास्तर पर और 4-5 अक्टूबर को राज्यस्तर पर स्कूल-कॉलेजों में ‘मेरे सपनों का भारत’ भाषण व चित्रकला प्रतियोगिताएं होंगी, जिसके प्रभारी स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह रहेंगे। इसके सफल प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री के हस्ताक्षरयुक्त प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। 19 सितंबर से 5 अक्टूबर तक संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी के प्रभार में ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ नुक्कड़ नाटकों का मंचन होगा। इसके अलावा 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया के नेतृत्व में आंगनवाड़ियों में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम होगा, जहां बच्चों-माताओं को पठन व खेल सामग्री देने के साथ स्वास्थ्य, पोषण, एनीमिया और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।
योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों के संदेश प्रसारित करने के लिए राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के प्रभार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम चलेगा। चिकित्सा शिक्षा मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल के प्रभार में 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’ प्रदेश के सभी जिलों में पहुंचेगी। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग के मार्गदर्शन में 7 अक्टूबर को सभी विधानसभा क्षेत्रों में ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी, जिसमें विकास पुस्तिकाओं का वितरण होगा। वहीं 9 व 10 अक्टूबर को अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान के प्रभार में भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, झाबुआ, अलीराजपुर और जबलपुर में ‘ह्युमन रंगोली’ बनाई जाएगी, जिसका राज्यस्तरीय मुख्य मंच जबलपुर रहेगा।
प्रशासनिक सुशासन को धरातल पर उतारने के लिए 2 से 10 अक्टूबर तक लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के प्रभार में ‘सेवा मेरा योगदान’ और उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के नेतृत्व में ‘सेवा सेतु अभियान’ चलेगा। इसमें विकासखंड व शहरी जोन स्तर पर विशेष शिविर लगाकर नागरिकों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ सीधे वितरित किए जाएंगे। 12 अक्टूबर को नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला के प्रभार में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ तथा 17 अक्टूबर को नई दिल्ली में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल के प्रभार में ‘सुशासन सेवा संवाद’ होगा, जिसमें पंच-सरपंच भागीदारी करेंगे। उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार के मार्गदर्शन में गणमान्य परिवारों को ’25 साल-25 कहानियां’ किट बांटी जाएगी और ‘इन्फ्लूऐंसर एक्सचेंज’ के तहत बाहरी राज्यों के सोशल मीडिया इन्फ्लूऐंसर्स प्रदेश के जिलों का दौरा करेंगे।
बैठक में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल सहित अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, केसी गुप्ता, संजय दुबे, अनुपम राजन, संजय शुक्ला और शिवशेखर शुक्ला उपस्थित रहे। वर्चुअल माध्यम से उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह, निर्मला भूरिया, विश्वास सारंग, नागर सिंह चौहान, राकेश शुक्ला, इंदर सिंह परमार, राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल और सभी संभागीय आयुक्त व जिलाधिकारी जुड़े। मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक तंत्र को सख्त निर्देश दिए कि सेवा सेतु के मेगा कैंपों में अंतिम छोर के व्यक्ति तक लाभ पहुंचे और कार्यक्रमों में भाग लेने वाले लोगों के आवागमन, भोजन और व्यवस्थाओं में जनप्रतिनिधियों के साथ शत-प्रतिशत समन्वय रखा जाए।



