नमो भारत ट्रेन: सराय काले खां और न्यू अशोक नगर स्टेशन 10 अक्टूबर को रहेंगे बंद, आनंद विहार से मोदीपुरम तक सेवा रहेगी सुचारू

राजधानी में 10 अक्टूबर को होने वाले राजनीतिक आयोजनों के प्रभाव को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने नमो भारत यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शनों के दौरान यात्रियों की संरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सराय काले खां और न्यू अशोक नगर स्टेशनों को 9 अक्टूबर की रात 9:00 बजे से 10 अक्टूबर की रात 10:00 बजे तक बंद रखा जाएगा।

इस तय समयावधि में दोनों स्टेशनों पर प्रवेश और निकास पूरी तरह से बंद रहेगा, जिससे यात्री यहां न तो ट्रेन पकड़ सकेंगे और न ही उतर सकेंगे। स्टेशनों पर मिलने वाली सभी यात्री सुविधाएं भी इस दौरान अस्थायी रूप से बंद रहेंगी।

हालांकि, एनसीआरटीसी ने साफ किया है कि नमो भारत कॉरिडोर पर रेल सेवाएं पूरी तरह ठप नहीं होंगी। दिल्ली के आनंद विहार स्टेशन से लेकर उत्तर प्रदेश के मोदीपुरम तक ट्रेनें तय समय पर नियमित रूप से दौड़ती रहेंगी। सेवा केवल सराय काले खां और न्यू अशोक नगर स्टेशनों पर यात्रियों के लिए उपलब्ध नहीं रहेगी।

इस अस्थाई रोक के कारण दिल्ली-एनसीआर के बीच प्रतिदिन आवागमन करने वाले मुसाफिरों को अपने तय मार्ग और समय में फेरबदल करना पड़ सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने दैनिक यात्रियों को पहले से सचेत रहने और अपनी यात्रा की वैकल्पिक रूपरेखा तैयार करने की सलाह दी है।

एनसीआरटीसी ने लोगों से आग्रह किया है कि वे जारी दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखकर ही घर से निकलें। विशेष रूप से 10 अक्टूबर को यात्रा करने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे संभावित देरी से बचने के लिए हाथ में अतिरिक्त समय रखें और जरूरत पड़ने पर निकटवर्ती स्टेशनों या अन्य परिवहन साधनों का सहारा लें।

उल्लेखनीय है कि विभिन्न राजनीतिक दलों एवं संगठनों ने 10 अक्टूबर को वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और वोट चोरी के मुद्दे पर जंतर-मंतर पर आंदोलन का आह्वान किया है। इसी प्रस्तावित धरने के चलते प्रशासनिक व परिचालन व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button