गुजरात को बड़ा ढांचागत तोहफा: पीएम मोदी करेंगे 14 हजार करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास, पीएम-किसान की 24वीं किस्त होगी जारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 और 31 अक्टूबर को गुजरात के दो दिवसीय आधिकारिक प्रवास पर रहेंगे, जहां वे राज्य को 14,000 करोड़ रुपए से अधिक की बुनियादी व कल्याणकारी परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस प्रवास का एक बड़ा आर्थिक केंद्र बनासकांठा रहेगा, जहां से वे कृषि, डेयरी और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की शुरुआत करेंगे। साथ ही केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम-किसान सम्मान निधि के अंतर्गत करीब 19,000 करोड़ रुपए की 24वीं किस्त जारी की जाएगी, जो सीधे देश के करोड़ों किसानों के बैंक खातों में पहुंचेगी।

कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री 30 अक्टूबर की सुबह भीलडी में उन्नत ईटी-आईवीएफ लैब और 127 एकड़ में फैले आधुनिक भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर का दौरा कर इसे जनता को समर्पित करेंगे। यह केंद्र देसी कांकरेज नस्ल के संरक्षण और आनुवंशिक विकास की रफ्तार को 10 से 20 गुना बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। ग्रामीण स्वच्छता और वैकल्पिक ऊर्जा के क्षेत्र में बनास डेयरी के थराद (75 मीट्रिक टन/दिन) और राधनपुर (100 मीट्रिक टन/दिन) बायो-सीएनजी संयंत्रों की आधारशिला रखी जाएगी। इसके अतिरिक्त साणंद में आलू प्रसंस्करण इकाई का विस्तार और पालनपुर में डेयरी उत्पादों के लिए अत्याधुनिक भंडारण प्रणाली शुरू की जाएगी।

सड़क, रेल और शहरी आवागमन को गति देने के लिए प्रधानमंत्री अहमदाबाद मेट्रो के फेज-2ए और 2बी की आधारशिला रखेंगे, जिससे हवाई अड्डे और गिफ्ट सिटी तक कनेक्टिविटी का विस्तार होगा। इसके साथ ही करीब 2,600 करोड़ रुपए के निवेश से अहमदाबाद-मेहसाणा राजमार्ग (एसएच-41) को आठ लेन में तब्दील करने का काम शुरू होगा। साबरमती से वाराणसी एक्सप्रेस और मेहसाणा-बेचराजी-साबरमती मेमू ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रेल सेवाओं को भी नई गति दी जाएगी।

सामाजिक और कृषि अवसंरचना को मजबूती देने के लिए 800 करोड़ रुपए के 4,030 नए बाल-हितैषी आंगनवाड़ी केंद्रों का शिलान्यास तथा 361 केंद्रों का लोकार्पण होगा। इसके अलावा लगभग 4,950 करोड़ रुपए की लागत वाले 521 कृषि अवसंरचना प्रोजेक्ट्स को राष्ट्र के नाम किया जाएगा। बागवानी क्षेत्र में करीब 1.46 लाख हेक्टेयर क्षेत्र को कवर करने वाले 12 नए क्लस्टरों का काम भी शुरू होगा, जिससे उत्तर गुजरात के आलू उत्पादकों सहित 1.3 लाख से अधिक किसानों को बाजार और भंडारण की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

यात्रा का दूसरा चरण एकता नगर (केवड़िया) पर केंद्रित रहेगा, जहां 30 अक्टूबर की शाम ‘भारत पर्व 2026’ के उद्घाटन के साथ 1.5 करोड़ एलईडी से सजे प्रकाश पर्व और नर्मदा आरती का आयोजन होगा। 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर नमन करने के बाद पीएम वहां 400 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की नींव रखेंगे। शाम को आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में सुरक्षा बलों का शौर्य दिखेगा, जिसमें ‘नक्सल मुक्त भारत’ पर आधारित 2,000 कलाकारों की विशेष नाट्य प्रस्तुति और ‘वंदे मातरम’ थीम पर 5,000 कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रमुख आकर्षण होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button