स्वास्थ्य और समुद्री सुरक्षा में भारत-सेशेल्स साझेदारी मजबूत, चार आधुनिक एंबुलेंस और रक्षा उपकरण भेंट
सेशेल्स की स्वास्थ्य और रक्षा क्षमताओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भारत ने मंगलवार को सेशेल्स को चार ‘एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट’ एंबुलेंस प्रदान की हैं। सेशेल्स में भारत के उच्चायुक्त रोहित रतीश ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मार्विन फैनी को इन एंबुलेंस की चाबियां सौंपीं।
इस अवसर पर भारतीय उच्चायोग ने ‘एक्स’ पर जारी अपने संदेश में स्पष्ट किया कि यह कदम भारत और सेशेल्स के बीच लोगों के हितों पर आधारित गहरे संबंधों और स्वास्थ्य क्षेत्र में निरंतर सहयोग को दर्शाता है। उल्लेखनीय है कि जून 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेशेल्स यात्रा के समय भी भारत ने वहां की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए छह एडवांस्ड और बेसिक लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस उपलब्ध कराई थीं।
स्वास्थ्य सेवाओं के अतिरिक्त भारत ने सेशेल्स के साथ अपने रक्षा और समुद्री सुरक्षा सहयोग को भी गति दी है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा जून में की गई घोषणाओं को पूरा करते हुए भारत ने अगस्त में सेशेल्स रक्षा बल के प्रमुख को पांच लेजर रेडियल नौकाएं दी थीं। इसके बाद अब रक्षा सलाहकार कैप्टन श्रवण सरीन ने सेशेल्स रक्षा बल के प्रमुख मेजर जनरल माइकल रोसेट को विशेष कैलिब्रेटेड उपकरण और मरम्मत की गई इलेक्ट्रॉनिक इकाइयां सौंपकर इस सहयोग को आगे बढ़ाया है।
सौंपे गए रक्षा और विमानन उपकरणों में तीन मरम्मत किए गए डॉर्नियर मेन इलेक्ट्रॉनिक यूनिट्स, 18 सेट विशेष विमानन उपकरण, 50 सुरक्षा हेलमेट और समुद्री संचालन की रस्सियां सम्मिलित हैं। भारतीय उच्चायोग ने जानकारी दी कि इन सभी उपकरणों की मरम्मत और कैलिब्रेशन का कार्य भारतीय नौसेना के केंद्रों में बिना किसी शुल्क के पूरा किया गया है।
इस तकनीकी सहायता से सेशेल्स वायुसेना के डॉर्नियर विमानों की जांच और मरम्मत में तेजी आएगी, जिनका उपयोग मुख्य रूप से विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) की निगरानी, आपातकालीन मरीजों को निकालने (केसवैक) और खोज एवं बचाव (सार) अभियानों में किया जाता है। साथ ही, समुद्री उपकरणों से सेशेल्स कोस्ट गार्ड के जवानों की संचालन क्षमता और सुरक्षा में भी इजाफा होगा। दोनों देश हिंद महासागर क्षेत्र में अपनी रणनीतिक साझेदारी और क्षमता निर्माण को निरंतर विस्तार दे रहे हैं।



