विशाखापत्तनम में भारत और म्यांमार की नौसेनाओं का संयुक्त अभ्यास ‘आईएमनेक्स-26’ शुरू

भारत और म्यांमार की नौसेनाओं के बीच द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास ‘आईएमनेक्स-26’ (IMNEX-26) का आठवां संस्करण 10 नवंबर 2026 को विशाखापत्तनम में शुरू हो गया है। 14 नवंबर तक चलने वाले इस संयुक्त सैन्य अभ्यास में भारत के युद्धपोत ‘आईएनएस राणा’ और ‘आईएनएस सुमेधा’ के साथ म्यांमार नौसेना का जहाज ‘यूएमएस किंग सिन फ्यु शिन’ हिस्सा ले रहा है।
इस अभ्यास में भाग लेने के लिए म्यांमार का युद्धपोत ‘यूएमएस किंग सिन फ्यु शिन’ 10 नवंबर को विशाखापत्तनम पहुंचा। इसके बाद इसी दिन ‘आईएनएस राणा’ पर एक उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया, जिसके साथ ही इस द्विपक्षीय नौसैनिक अभ्यास की औपचारिक शुरुआत हुई। ‘आईएमनेक्स’ दोनों देशों के बीच समुद्री सहयोग को सुदृढ़ करने का एक अहम मंच है, जो दोनों नौसेनाओं को अपने पेशेवर अनुभव साझा करने, एक-दूसरे की कार्यप्रणाली को समझने और आपसी तालमेल बढ़ाने का अवसर प्रदान करता है।
पांच दिनों तक चलने वाले इस अभ्यास को दो चरणों में बांटा गया है। शुरुआती हार्बर चरण के दौरान दोनों नौसेनाओं के कर्मियों के बीच पेशेवर चर्चाएं, विषय विशेषज्ञों के साथ विचार-विमर्श, परिचालन से जुड़े मुद्दों पर संवाद, एक-दूसरे के युद्धपोतों का दौरा और खेलकूद की गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
हार्बर चरण के समापन के बाद ‘सी फेज’ (समुद्री चरण) शुरू होगा। इस चरण में दोनों देशों के युद्धपोत समुद्र में उतरकर संयुक्त अभियान, सामरिक युद्धाभ्यास और विभिन्न नौसैनिक गतिविधियों को अंजाम देंगे। इन अभ्यासों का मुख्य लक्ष्य दोनों नौसेनाओं के बीच परिचालन समन्वय और साथ मिलकर काम करने की क्षमता (इंटरऑपरेबिलिटी) को और बेहतर बनाना है।
‘आईएमनेक्स-26’ भारत और म्यांमार के लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों और मजबूत समुद्री साझेदारी का प्रतीक है। यह संयुक्त अभ्यास भारत के ‘महासागर’ (म्युचुअल एंड हॉलिस्टिक एडवांसमेंट फॉर सिक्युरिटी एंड ग्रोथ ऐक्रॉस रीजंस) दृष्टिकोण के अनुरूप है, जो समुद्री सहयोग को बढ़ावा देने तथा पूरे क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।



