2029 तक 20 अरब यूरो तक पहुंचेगा भारत-इटली व्यापार, रोम दौरे पर बोले वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को भरोसा जताया कि उनके वर्तमान रोम दौरे से भारत और इटली की आर्थिक साझेदारी को मजबूती मिलेगी और कारोबारी समुदायों के बीच आपसी तालमेल बढ़ेगा। गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साझा विजन के तहत दोनों देश वर्ष 2029 तक द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब यूरो के स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत हैं।
केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि वे भारत-इटली आर्थिक सहयोग संयुक्त आयोग (जेसीईसी) की 23वीं बैठक और चौथे भारत-इटली बिजनेस फोरम की सह-अध्यक्षता करने को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने इटली के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी के लेख ‘रोम टू न्यू दिल्ली: बिल्डिंग ट्रस्ट, एंटीसिपेटिंग चेंज’ की सराहना करते हुए इसे दोनों शीर्ष नेताओं के दृष्टिकोण का प्रभावी दस्तावेज बताया। गोयल ने जानकारी दी कि बीते एक दशक में द्विपक्षीय व्यापार दोगुना हो चुका है और महज दो वर्षों में चौथे बिजनेस फोरम तथा जेसीईसी का आयोजन दोनों देशों की गंभीरता को दर्शाता है।
इस अवसर पर एंटोनियो ताजानी ने पीयूष गोयल का स्वागत करते हुए कहा कि भारत और इटली अपने आर्थिक रिश्तों को नई ऊंचाई देने के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि इटली की निर्यात संवर्धन योजना के अंतर्गत भारत को प्राथमिकता वाले देशों की सूची में रखा गया है। ताजानी ने स्पष्ट किया कि भारत इटली के लिए सिर्फ एक विशाल बाजार ही नहीं, बल्कि निवेश, संयुक्त परियोजनाओं और औद्योगिक साझेदारी का भी एक प्रमुख केंद्र है, जहां बढ़ता व्यापार निवेश को नई गति देगा।
ताजानी ने प्रस्तावित भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को दोनों पक्षों के लिए एक निर्णायक कदम या ‘गेम चेंजर’ करार दिया। उन्होंने कहा कि इस समझौते के लागू होने से पैकेजिंग, रसायन, फार्मास्यूटिकल्स, ऑटोमोबाइल कंपोनेंट्स, उन्नत विनिर्माण और औद्योगिक व कृषि मशीनरी जैसे क्षेत्रों में शुल्क घटेंगे और कारोबार में तेजी आएगी।
तकनीकी और वैज्ञानिक सहयोग पर जोर देते हुए ताजानी ने घोषणा की कि भारत में शीघ्र ही इटैलियन इनोवेशन सेंटर की स्थापना की जाएगी। इस केंद्र का उद्देश्य विश्वविद्यालयों, अनुसंधान संस्थानों, स्टार्टअप्स और नवाचार आधारित उद्योगों को एक मंच पर लाना है। इसके अंतर्गत लघु एवं मध्यम उद्यमों (एसएमई) के लिए विशेष पहल, शोध सहयोग, शैक्षणिक आदान-प्रदान और स्टार्टअप एक्सेलेरेशन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अंत में ताजानी ने बताया कि हालिया रोम साइंस एंड इनोवेशन डायलॉग ने दोनों देशों के बीच तकनीकी सहयोग को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि भारत में पहले से ही करीब 1,000 इटैलियन कंपनियां कार्यरत हैं और इनमें से कई कंपनियां देश में विनिर्माण कर रही हैं। दोनों देशों का साझा लक्ष्य निवेश और औद्योगिक सहयोग के माध्यम से अपनी आर्थिक साझेदारी को और व्यापक बनाना है।



